वृंदावन के चैतन्य विहार इलाके से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. महर्षि पाणिनि गुरुकुल संस्कृत विद्यालय के 12 फीट गहरे पानी के सबमर्सिबल टैंक की सफाई करने उतरे 5 छात्र जहरीली गैस की चपेट में आ गए. देखते ही देखते जहरीली गैस के असर से 4 छात्रों की मौत हो गई. जबकि एक छात्र को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस खौफनाक हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए.
ADVERTISEMENT
बदबू दूर करने उतरे थे छात्र
मिली जानकारी के मुताबिक, चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि गुरुकुल परिसर में लगभग 12 फीट गहरा पानी का सबमर्सिबल टैंक बना हुआ है. पिछले कुछ दिनों से टैंक से तेज बदबू आ रही थी जिसे साफ और ठीक करने के लिए गुरुकुल में पढ़ने वाले 5 छात्र टैंक के अंदर उतरे. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि टैंक के भीतर खतरनाक जहरीली गैस भरी हुई है. जैसे ही छात्र नीचे पहुंचे, जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा और वे अचेत हो गए.
पांच में से सिर्फ एक की बच पाई जान
टैंक के अंदर से हलचल बंद होने पर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. बड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने 4 छात्रों को मृत घोषित कर दियाय राहत की बात यह रही कि एक छात्र की जान बच गई जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है और वह पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
हादसे की जानकारी मिलते ही मथुरा के जिलाधिकारी (DM) सीपी सिंह प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. घटना की पुष्टि करते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि 'चैतन्य विहार में महर्षि पाणिनि गुरुकुल विद्यालय है, जहां बच्चे पढ़ाई करते हैं. 12 फीट गहरे सबमर्सिबल टैंक में बदबू आने पर उसे ठीक करने के लिए गुरुकुल के 5 बच्चे उतरे थे. संभवतः टैंक में जहरीली गैस थी जिसकी वजह से 4 बच्चों की असामयिक मृत्यु हो गई है. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है. माननीय मुख्यमंत्री जी ने तत्काल इस घटना का संज्ञान लिया है. गुरुकुल का संचालन कौन करता था और यह हादसा कैसे हुआ, इसकी पूरी जांच कराई जाएगी. पीड़ित परिवारों को हर संभव शासकीय मदद दी जाएगी.'
फिलहाल पुलिस ने चारों मृतक छात्रों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गुरुकुल प्रबंधन के खिलाफ पूरे मामले की प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है.
ADVERTISEMENT











