Lucknow Crime News: दिसंबर 2022 में बाराबंकी से एक युवती लखनऊ में नीट की तैयारी के लिए आई. वह चिनहट के नौबस्ता इलाके में किराए का कमरा लेकर रह रही थी. यहां से वह गोमती नगर एक कोचिंग में तैयारी के लिए जाती थी. फिर आया साल 2023 का जुलाई महीना. यही वो समय था जब युवती ने एक बार कैब बुक की. उसके घर कैब आई. कैब ड्राइवर ने अपना नाम आदित्य यादव बताकर कहा कि वह बाराबंकी का रहने वाला है. युवती को नहीं पता था कि आदित्य से दोस्ती करना शायद उसके जीवन का सबसे बड़ा दर्द बनने वाला है. खैर, रोजाना कैब बुक करने के चलते आदित्य ने युवती को नियमित रूप से लाने-ले जाने की पेशकश की. बातचीत बढ़ी. दोस्ती गहरी हुई. भरोसे का दायरा इतना बढ़ा कि आदित्य ने युवती को कार चलाना भी फ्री में सिखा दिया. अब यह दोस्ती प्यार तब्दील हो चुकी थी. आदित्य ने इस रिश्ते को शादी का रूप देने की पेशकश की और परिवार से मिलवाने का भरोसा दिलाया.
ADVERTISEMENT
युवती हुई प्रेग्नेंट तो आदित्य ने कही ये बात
युवती ने बताया है कि आदित्य ने प्रेम का इजहार करते हुए नजदीकियां बढ़ाईं. फिर चंद्रिका देवी मंदिर में दो दोस्तों की मौजूदगी में शादी कर ली. इसके बाद वह पति-पत्नी की तरह रहने लगे. युवती का कहना है कि आदित्य अक्सर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता था और एक दिन बहाने से अपने कमरे पर ले जाकर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. नशे की हालत में उसने शारीरिक संबंध बनाए. इस बीच युवती प्रेग्नेंट हो गई. आदित्य ने भरोसा दिलाया कि वह बच्चे को अपनाएगा और परिवार बसाएगा. शुरुआत के कुछ महीने युवती बाराबंकी में रही. लेकिन प्रेग्नेंसी बढ़ने पर घर आना-जाना बंद हो गया. इलाज के दौरान आदित्य साथ रहा. मगर जब युवती उसे अपने घर चलने के लिए कहती तो वह टालता रहा.
युवती ने दिया बेटी को जन्म और आदित्य हो गया गायब
2 फरवरी को युवती ने एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया. आरोप है कि आदित्य अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर उसे चिनहट के नौबस्ता इलाके में किराए के कमरे पर ले गया. यहां तीन दिन साथ रहने के बाद दवा लेने का बहाना बनाकर निकला और फिर कभी वापस नहीं लौटा. मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो पहले फोन बंद मिला और बाद में बात होने पर आदित्य ने साफ कह दिया कि वह न तो पत्नी को अपनाएगा और न ही बच्चे को. यहां तक कि उसने मां-बेटी को मर जाने तक की बात कह दी.
पीड़िता का कहना है कि उसके परिवार में सिर्फ मां हैं जिन्हें अब तक इस पूरे मामले की जानकारी नहीं है. वह पिछले एक महीने से दर-दर भटक रही है. आर्थिक हालात इतनी खराब है कि घर में खाने के लिए अनाज तक नहीं है और नवजात बच्ची के दूध व जरूरी सामान के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं. पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है और न्याय की गुहार लगाई है.
पीड़िता ने 18 फरवरी को जॉइंट सीपी बबलू कुमार से मिलकर शिकायत की. जॉइंट सीपी ने बताया कि पूरे मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









