पहले स्कूटर में मारी टक्कर, फिर... कानपुर में बेखौफ अपराधियों ने DCP ऑफिस के पास किया बड़ा कांड!

यूपी तक

• 07:36 PM • 04 Oct 2026

Kanpur chain snatching: कानपुर में डीसीपी ऑफिस के पास बुजुर्ग दंपती से चेन लूटने वाले दोनों आरोपी 24 घंटे में ही पकड़े गए हैं. पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की खोज की है. इसके साथ ही बुजुर्ग दंपती से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद हो गई है.

Google CTA

कानपुर में चेन स्नैचर्स की हिम्मत तो देखिए, डीसीपी ऑफिस के पास ही आरोपियों लूटपाट कर डाली. यह घटना 2 अक्टूबर की है, जब एक बुजुर्ग दंपती अपने स्कूटर से मंदिर जा रहे थे. इसी दौरान दो बाइक सवार लुटेरे उनके साथ लूटपाट करते हैं और मौके से फरार हो जाते हैं. आरोपियों के इस पूरे कांड का वीडियो पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए दोनों शातिर लुटेरों को 24 घंटे के अंदर ही पकड़ लिया है.

यह भी देखें...

मंदिर जा रहे बुजुर्ग दंपती से लूट

यह घटना 2 अक्टूबर सुबह करीब 6:20 बजे की है. कृष्णा नगर के रहने वाले रिटायर्ड डिप्टी मैनेजर त्रिभुवन जैन अपनी पत्नी नीलम जैन के साथ स्कूटर से जनरलगंज स्थित जैन मंदिर जा रहे थे. जैसे ही वे सीओडी पुल से उतरकर हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, पीछे से एक सफेद बाइक पर दो लोग आए. उन्होंने पहले उनके स्कूटर में टक्कर मारी और फिर नीलम जैन के गले से सोने की चेन झपटकर वहां से भाग निकले. यह झपट्टा इतना जोरदार था कि दोनों बुजुर्ग स्कूटर समेत सड़क पर गिर गए, जिससे नीलम जैन को चोटें भी आई है.

सीसीटीवी से खुला लुटेरों का राज

घटना के तुरंत बाद रेल बाजार थाने की पुलिस एक्शन में आ गई. पुलिस ने इलाके के एक-दो नहीं बल्कि कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले. एक फुटेज में पुलिस को वो सफेद बाइक और दोनों संदिग्ध लुटेरे साफ नजर आ गए. पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत फुटेज को जोड़ा और अपने मुखबिरों की मदद ली. इसके साथ ही 'गांडीव पोर्टल' का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे दोनों आरोपियों की पहचान करने में आसानी हुई.

24 घंटे के अंदर दोनों लुटेरे गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की कड़ी मेहनत के चलते, वारदात के 24 घंटे के अंदर ही दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए. पुलिस ने इनके पास से नीलम जैन की छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान 18 साल के गणेश उर्फ अंकित कश्यप (योगेश) और 19 साल के दानिश के रूप में हुई है. ये दोनों कानपुर के चकेरी और जाजमऊ इलाके के रहने वाले हैं.

आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास

पूछताछ में दोनों ने चेन स्नैचिंग की बात कबूल कर ली है. पुलिस ने बताया कि इनमें से दानिश का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ साल 2023 में चकेरी थाने में पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी और 376 जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हो चुका है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और जल्द ही उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस घटना ने साबित कर दिया है कि अपराधी चाहे कितनी भी तेज भागें, लेकिन कैमरे और पुलिस की नजर से बचना उनके लिए आसान नहीं है.