कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की बुधवार को मैच के दौरान मधुमक्खियों के काटने से मौत हो गई. पिछले 30 सालों से अंपायरिंग के क्षेत्र में एक्टिव मानिक गुप्ता उन्नाव के शुक्लागंज में केडीएमए (KDMA) मैदान पर अंपायरिंग कर रहे थे तभी यह हादसा हुआ.
ADVERTISEMENT
मैदान पर अचानक हुआ हमला और चली गई जान
बुधवार को वाईएमसीसी (YMCC) और पैरामाउंट क्लब के बीच क्रिकेट लीग का मैच चल रहा था. खेल के दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक झुंड ने खिलाड़ियों और अंपायरों पर हमला बोल दिया. अंपायर मानिक गुप्ता ने बचाव की बहुत कोशिश की. लेकिन मधुमक्खियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और बुरी तरह डंक मारना शुरू कर दिया. हमले की आक्रामकता इतनी ज्यादा थी कि वह कुछ ही देर में मैदान पर बेहोश होकर गिर पड़े.
अस्पताल ले जाते समय मानिक गुप्ता ने तोड़ा दम
एसोसिएशन के सदस्य उन्हें तुरंत स्थानीय नर्सिंग होम ले गए जहां से उन्हें कानपुर मेडिकल कॉलेज और फिर कार्डियोलॉजी विभाग रेफर किया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया. मानिक गुप्ता कानपुर के परेड खान इलाके के रहने वाले थे और केसीए के पैनल में एक सम्मानित अंपायर थे.
डॉक्टरों ने बताया मौत का ये कारण
कार्डियोलॉजी के डॉक्टरों के अनुसार, मधुमक्खियों के डंक में एलर्जन मेथो नाईक एसिड बहुत ज्यादा मात्रा में होता है. इसकी वजह से घायल व्यक्ति का बीपी और हार्टबीट अचानक बढ़ जाती है और शरीर में लालिमा आ जाती है. आशंका जताई जा रही है कि इसी के कारण उन्हें हार्ट अटैक आया होगा.
क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ पड़ी
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कपूर ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मानिक गुप्ता एक वरिष्ठ अंपायर थे और उनके परिवार की हर संभव मदद की जाएगी. मानिक गुप्ता के संबंध रणजी और नेशनल टीम के खिलाड़ियों से भी काफी अच्छे थे और वे ग्रीन पार्क में होने वाले मैचों में भी अंपायरिंग की जिम्मेदारी संभालते थे.
ADVERTISEMENT









