झांसी में प्रेमी कमल ने 19 साल की गर्लफ्रेंड की गोली मारकर की हत्या, प्रेमिका की कहीं और शादी तय होने से था नाराज

यूपी तक

• 03:01 PM • 08 Oct 2026

Jhansi Crime: झांसी में शादी कहीं और तय होने से नाराज प्रेमी ने 19 साल की प्रेमिका की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के करीब 5 घंटे बाद पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है.

Google CTA

Jhansi Crime: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी 19 साल की प्रेमिका को घर में घुसकर सिर्फ इसलिए गोली मार दी, क्योंकि उसकी शादी कहीं और तय हो गई थी. घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया, लेकिन करीब 5 घंटे बाद हाईवे पर हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने उसे धर दबोचा. जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है और फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

यह भी देखें...

घर में घुसकर प्रेमिका की हत्या

बुधवार की दोपहर सीपरी बाजार इलाके का सिद्धेश्वर नगर उस समय गोलियों की आवाज से दहल उठा, जब आरोपी कमल रायकवार चंचल के घर पहुंचा. उसने घर के अंदर घुसकर चंचल पर गोली चला दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई. गोली की आवाज सुनकर जब तक लोग कुछ समझ पाते, कमल वहां से भाग चुका था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमें लगा दी गईं.

पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कमल शिवपुरी हाईवे की तरफ हो सकता है. पुलिस ने तुरंत हाईवे पर गाड़ियों की चेकिंग शुरू कर दी. चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध नजर आया, जिसे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने लगा. पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कमल के पैर में गोली लग गई. घायल हालत में पुलिस ने उसे दबोच लिया और उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया.

पूछताछ में सामने आई असली वजह

घायल कमल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चंचल को पिछले 4 साल से जानता था और दोनों शादी करना चाहते थे. लेकिन जब चंचल के परिवार वालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, तो कमल का गुस्सा भड़क गया. इसी गुस्से में आकर उसने चंचल की हत्या कर दी. उसने यह भी बताया कि चंचल को मारने के बाद वह खुद भी सुसाइड करना चाहता था, लेकिन उसका खून से सना हुआ शव देखकर वह डर गया और वहां से भाग निकला.