UP News: उत्तर प्रदेश के झाँसी जिले के उल्दन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ ग्राम पंचायत पठाकरका के माते खिरक और चौकरी के बीच सुनसान नदी किनारे एक महिला का बुरी तरह जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतका की पहचान 45 वर्षीय लोकगीत गायिका लाडकुंवर कुशवाहा उर्फ लवली मौर्या के रूप में हुई है. शुक्रवार सुबह जब स्थानीय किसान अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने नदी के पास बंध पर जलने के निशान देखे. पास जाने पर वहाँ एक महिला का अधजला शव मिला. शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि शरीर लगभग राख बन चुका था और हाथ-पैर अलग पड़े थे. ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल ग्राम प्रधान और पुलिस मौके पर पहुँची.
ADVERTISEMENT
हत्या की साजिश और साक्ष्य मिटाने का प्रयास
पुलिस की शुरुआती जांच के आधार पर यह पता चला कि महिला की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया है. घटनास्थल से बरामद सामग्री जैसे शराब की बोतलें, बीयर केन, नमकीन के पैकेट, एक जला हुआ मोबाइल और काले रंग की चप्पल इस वारदात की ओर इशारा कर रहे हैं. साथ ही खेत के तारों में फंसी लाल साड़ी या दुपट्टे का टुकड़ा भी जांच के लिए अहम माना जा रहा है. आशंका है कि महिला को किसी वाहन से इस सुनसान स्थान पर लाया गया था जिसकी पुष्टि ग्रामीणों द्वारा शुक्रवार रात देखी गई एक संदिग्ध सफेद कार से भी हो रही है, जिसकी पुलिस गहनता से अभी जांच कर रही है.
सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान
शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल था. सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद बंगरा निवासी मृतका के परिजन मौके पर पहुँचे. उन्होंने पायल, अंगूठी और कपड़ों के आधार पर लाडकुंवर की पहचान की. परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार शाम 7 बजे फोन पर बात करते हुए घर से निकली थीं और फिर वापस नहीं लौटीं.
जेल से जमानत पर आई थी मृतका
इस हत्याकांड में एक नया मोड़ तब आया जब यह खुलासा हुआ कि मृतका लाडकुंवर खुद भी एक हत्या के मामले में आरोपी थी. उन पर 29 अक्टूबर 2022 को बरुआसागर में दिनेश राय नामक व्यक्ति की पानी में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगा था, जिसके चलते वह करीब दो साल तक जेल में बंद रही थीं और हाल ही में जमानत पर बाहर आई थीं. अब पुलिस इस पूरे मामले को पुरानी रंजिश और प्रेम संबंधों के एंगल से जोड़कर देख रही है और इसी दिशा में गुत्थी सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं.
पुलिस की कार्रवाई शुरु
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने मौके का मुआयना किया. फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया गया है. मामले के खुलासे के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है. वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है.
ADVERTISEMENT









