यूपी में मिठाई की दुकान पर बदल दिया QR कोड, फिर खाते में भर-भरकर आने लगा पैसा

अंचल श्रीवास्तव

• 09:30 AM • 12 Nov 2026

दिवाली पर मिठाई खरीदने पहुंचे ग्राहकों को लगा कि वे दुकानदार को ऑनलाइन पेमेंट कर रहे हैं, लेकिन उनके पैसे किसी दूसरे खाते में जा रहे थे. यूपी के गोंडा में एक युवक ने दुकान के असली QR कोड के ऊपर अपना कोड चिपका दिया.

UP Tak
Google CTA

दिवाली के मौके पर मिठाई की दुकान पर ग्राहकों की काफी भीड़ थी. लोग मिठाई खरीद रहे थे और काउंटर पर लगे QR कोड को स्कैन करके ऑनलाइन पेमेंट कर रहे थे. ग्राहकों को लग रहा था कि उनका पैसा दुकानदार के खाते में जा रहा है, लेकिन हकीकत कुछ और थी. 

यह भी पढ़ें...

एक युवक ने भीड़ का फायदा उठाकर दुकान पर लगे QR कोड के ऊपर अपना QR कोड चिपका दिया था. इसके बाद ग्राहक पेमेंट करते रहे और पैसे दुकानदार के बजाय युवक के खाते में पहुंचते रहे.

मामला उत्तर प्रदेश के गोंडा का है. नगर कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक मिठाई की दुकान पर दिवाली के दौरान ठगी हुई. दुकान के मालिक ओमी सिंधी को शुरुआत में इस गड़बड़ी का पता नहीं चला. जब कई ग्राहकों के पेमेंट का पैसा उनके खाते में नहीं पहुंचा तो उन्हें शक हुआ. बाद में दुकान में लगे CCTV कैमरे की फुटेज देखी गई तो पूरा मामला सामने आ गया. फुटेज में लाल शर्ट पहने एक युवक दुकान का QR कोड बदलता दिखाई दिया.

भीड़ देखकर युवक ने बदल दिया QR कोड

दुकानदार ओमी सिंधी के मुताबिक, दिवाली पर दुकान में ग्राहकों की काफी भीड़ थी. इसी दौरान एक युवक दुकान पर आया. उसने मौका देखकर काउंटर पर लगे पेमेंट QR कोड के ऊपर अपना QR कोड चिपका दिया. दुकानदार और वहां मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी.

इसके बाद दुकान पर मिठाई खरीदने आने वाले ग्राहक उसी QR कोड को स्कैन करके भुगतान करने लगे. उनके मोबाइल पर पेमेंट सफल होने का मैसेज भी आ रहा था, लेकिन रकम दुकानदार के खाते में जाने के बजाय किसी दूसरे खाते में पहुंच रही थी.

शुरुआत में ओमी सिंधी और उनके परिवार को लगा कि शायद नेटवर्क की वजह से पेमेंट खाते में नहीं दिख रहा है. जब बार-बार ऐसा हुआ तो उन्हें शक हुआ. उन्होंने QR कोड को ध्यान से देखा तो पता चला कि असली कोड के ऊपर किसी ने दूसरा कोड चिपका रखा है.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

QR कोड बदलने की जानकारी मिलने के बाद दुकानदार ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी. फुटेज में लाल शर्ट पहने एक युवक QR कोड के साथ छेड़छाड़ करता दिखाई दिया.

ओमी सिंधी के मुताबिक, युवक ने दुकान में दो जगह अपना QR कोड लगाया था. इस तरह वह ग्राहकों से होने वाले भुगतान की रकम अपने खाते में मंगा रहा था.

दुकानदार ने बताया कि कम से कम तीन से चार ऐसे ट्रांजेक्शन हुए, जिनका पैसा उनके खाते में नहीं पहुंचा. दुकान में भीड़ ज्यादा होने के कारण किसी का ध्यान QR कोड बदलने पर नहीं गया. जब उनके भतीजे ने पेमेंट की रकम खाते में नहीं आने की बात बताई, तब उन्होंने इसकी जांच शुरू की.

दुकानदार ने पुलिस को सौंपी CCTV फुटेज

घटना का पता चलने के बाद ओमी सिंधी नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने दुकान के CCTV कैमरों की फुटेज भी पुलिस को दी है.

गोंडा के सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि नगर कोतवाली में एक दुकानदार की शिकायत मिली है. शिकायत में बताया गया कि दुकान पर लगा QR कोड किसी ने बदल दिया था. इसके कारण ग्राहकों की ओर से किया गया भुगतान दुकानदार के खाते में जाने के बजाय किसी दूसरे व्यक्ति के खाते में पहुंच गया.

सीओ के मुताबिक, इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से जांच कर रही है. CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों के आधार पर युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. आरोपी के बारे में जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.