उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में भरे बाजार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. युवक दुकान पर बैठकर समोसा खा रहा था, तभी कार सवार हमलावर वहां पहुंचा और उस पर एक के बाद एक तीन गोलियां चला दीं. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
ADVERTISEMENT
मृतक की पहचान मोहम्मद कौसेन के रूप में हुई है. वह मुफ्तीपुरा का रहने वाला था. घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के मिश्र बाजार की है. बताया गया कि कौसेन की जूते की दुकान है. बुधवार देर शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच वह अपनी दुकान से घर लौट रहा था. रास्ते में वह समोसा खाने के लिए एक दुकान पर रुक गया. इसी दौरान कार सवार हमलावर वहां पहुंचा और उस पर फायरिंग शुरू कर दी.
तीन गोलियां लगने से सड़क पर गिर पड़ा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ने युवक पर करीब तीन राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो गया. गोली लगने के बाद कौसेन सड़क पर गिर पड़ा. वह दर्द से तड़पता रहा और रोता-चिल्लाता रहा. इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. उसकी हालत गंभीर थी. डॉक्टरों ने इलाज की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. गोली लगने के बाद सड़क पर घायल युवक के रोने और कराहने का वीडियो भी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है.
डीआईजी और एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसपी विनय कुमार सिंह और वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और वारदात से जुड़ी जानकारी जुटाई.
मीडिया से बातचीत में डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि घटना शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच हुई. युवक दुकान पर बैठकर समोसा खा रहा था. इसी दौरान चारपहिया वाहन से पहुंचे एक व्यक्ति ने उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई.
शुभम चौबे के खिलाफ नामजद एफआईआर
डीआईजी ने बताया कि मृतक पक्ष की शिकायत पर शुभम चौबे को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है. आरोपी फिलहाल फरार है. डीआईजी ने जल्द ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पुरानी रंजिश का पहलू भी सामने आया है. डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि करीब एक साल पहले मृतक कौसेन के ऊपर शुभम चौबे को गोली मारने का आरोप लगा था. इसके अलावा वर्ष 2025 में भी मृतक पक्ष पर गोली चलाने का आरोप सामने आया था. उस मामले में चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी.
पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही पुलिस
पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है. पुराने विवाद और गोलीबारी की घटनाओं को भी जांच में शामिल किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- 'मुलायम सिंह ने जो किया, वो जरूरी था', कारसेवकों पर गोली चलाने के फैसले का सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने किया समर्थन
ADVERTISEMENT











