दोस्त ने शादी की दावत देने से मना किया तो आपस में भिड़ गए दो परिवार, छतों से बरसाए पत्थर, महिलाओं ने भी किया पथराव

संदीप सैनी

• 10:30 AM • 11 Nov 2026

मुजफ्फरनगर के नरा गांव में शादी की दावत को लेकर दो दोस्तों के बीच शुरू हुआ विवाद दो परिवारों के संघर्ष में बदल गया. दोनों पक्षों ने छतों पर चढ़कर जमकर पथराव किया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए. घटना का VIDEO वायरल है, पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है.

Muzaffarnagar News

Muzaffarnagar News

Google CTA

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शादी की दावत को लेकर दो दोस्तों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो परिवारों के संघर्ष में बदल गया. दोनों पक्षों के लोग घरों की छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाने लगे. इस दौरान महिलाओं और पुरुषों ने भी पथराव किया, जिसमें 3 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घटना मंसूरपुर थाना क्षेत्र के नरा गांव की है. पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है.

यह भी पढ़ें...

दावत को लेकर दोस्तों में शुरू हुआ विवाद

नरा गांव निवासी मनीष की कुछ दिन पहले शादी हुई थी. उसका दोस्त आशु उससे शादी की दावत मांग रहा था. बताया जा रहा है कि मनीष ने जब दावत देने से इनकार कर दिया तो इसी बात को लेकर दोनों दोस्तों के बीच कहासुनी हो गई. शुरुआत में विवाद दोनों दोस्तों के बीच था, लेकिन कुछ ही देर में उनके परिवार के लोग भी आमने-सामने आ गए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया.

यह भी पढ़ें- CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, रामपुर में 7 जवानों की ली थी जान

 

दोनों पक्षों में शुरू हुआ पथराव

दोनों दोस्तों के बीच हुई कहासुनी के बाद उनके परिजन भी विवाद में शामिल हो गए. इसके बाद दोनों तरफ से जमकर पथराव शुरू हो गया. हालात ऐसे हो गए कि दोनों पक्षों के लोग अपने-अपने घरों की छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे. इस दौरान महिलाएं और पुरुष दोनों पथराव करते दिखाई दिए. अचानक हुए इस संघर्ष से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना में दोनों पक्षों के तीन लोगों को मामूली चोटें आने की जानकारी दी गई है.

सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल

इस पूरी घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से पथराव का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग घरों की छतों से एक-दूसरे की तरफ पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं. वीडियो में महिलाएं और पुरुष भी पथराव करते दिखाई दे रहे हैं. शादी की दावत को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद इस तरह दोनों परिवारों के बीच संघर्ष होने की घटना चर्चा में है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

पथराव की सूचना मिलने पर मंसूरपुर थाना पुलिस तत्काल गांव पहुंची. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराया. घायल हुए तीन लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की और पांच लोगों को हिरासत में ले लिया. इसके साथ ही संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया है.

यह भी पढ़ें- UP Election 2027: यूपी में वोटर लिस्ट का बदला शेड्यूल, अब 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट सूची

 

सीओ रुपाली राव ने क्या बताया?

घटना को लेकर सीओ खतौली रुपाली राव ने बताया 'आज दोपहर मंसूरपुर के गांव नरा में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. शुरुआती जानकारी में सामने आया कि शादी की दावत को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई. इस घटना में तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है. पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है. संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मौके पर पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था कायम है. पुलिस आगे भी वैधानिक कार्रवाई करते हुए सख्त कदम उठाएगी.'