MLA Dhirendra Singh about Noida International Airport:नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के भव्य उद्घाटन समारोह के बीच जेवर से भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस उपलब्धि को उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता के लिए गौरव का क्षण बताया है. यूपी Tak से खास बातचीत में विधायक धीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र के काले अतीत और सुनहरे भविष्य का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों पर भी तीखा निशाना साधा.
ADVERTISEMENT
अपराध से विकास तक का सफर
विधायक धीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र के पुराने हालातों को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब जेवर और आसपास के इलाकों में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार का बोलबाला था. उन्होंने कहा, "यह वही क्षेत्र है जहां कभी गोलियां चलती थीं और निवेशक डरकर पलायन कर रहे थे. लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने के बाद अब यह क्षेत्र निवेशकों की पहली पसंद बन गया है." उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के साथ-साथ अब यहां मेडिकल डिवाइस पार्क, फिल्म सिटी और जापान की कोबोटा कंपनी जैसी बड़ी इकाइयां आ रही हैं जिससे युवाओं के लिए खुशहाली के रास्ते खुलेंगे.
विपक्ष की 'बौखलाहट' पर पलटवार
अखिलेश यादव की दादरी रैली और विपक्ष द्वारा इसे चुनावी मुद्दा बनाए जाने के सवाल पर धीरेंद्र सिंह ने कड़ा रुख अपनाया. विधायक ने कहा कि विपक्ष के पास सरकार को बदनाम करने का कोई मुद्दा नहीं है. इसलिए वे विकास को देखकर बौखलाए हुए हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल प्रदेश को जातियों में बांटना चाहते हैं. जबकि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी सबको साथ लेकर विकास की इबारत लिख रहे हैं.
विकसित भारत का लक्ष्य
धीरेंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि जेवर एयरपोर्ट प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत 2047' के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा.उन्होंने कहा कि अब चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज में यात्रा कर सकेगा. एयरपोर्ट से न केवल विदेशी निवेश बढ़ेगा, बल्कि देश का मुद्रा भंडार भी मजबूत होगा. जेवर के लोग और पूरा उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री के इस विजन के साथ मजबूती से खड़ा है.
सोशल मीडिया और स्कूल बसों पर सफाई
कार्यक्रम में स्कूल बसों के इस्तेमाल और बच्चों की मौजूदगी को लेकर वायरल हो रहे दावों पर विधायक ने स्पष्ट किया कि जेवर अब एजुकेशन हब बन चुका है. अगर देश का भविष्य (बच्चे) अपने प्रधानमंत्री को सुनने और इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने के लिए अपनी इच्छा से आए हैं, तो इसमें किसी को ऐतराज नहीं होना चाहिए.
ADVERTISEMENT









