टेलीग्राम पर गांजे का ऑर्डर, कार से करते थे सप्लाई, नोएडा में 55 KG गांजे के साथ पकड़े गए 3 तस्कर

अरुण त्यागी

• 02:30 PM • 10 Nov 2026

ग्रेटर नोएडा के सेंट्रल जोन में गांजा तस्करी के एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो टेलीग्राम ऐप के जरिए ग्राहकों से गांजे की बुकिंग लेता था और ई-कॉमर्स कंपनियों की पन्नियों में पैक करके इसकी सप्लाई करता था.

Noida Ganja Smuggling News

Noida Ganja Smuggling News

Google CTA

Noida Ganja Smuggling News: ग्रेटर नोएडा के सेंट्रल जोन में गांजा तस्करी के एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो टेलीग्राम ऐप के जरिए ग्राहकों से गांजे की बुकिंग लेता था और ई-कॉमर्स कंपनियों की पन्नियों में पैक करके इसकी सप्लाई करता था. बिसरख थाना पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से 55 किलो 124 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई एसेंट कार बरामद हुई है. पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत करीब 55 लाख रुपये है. आरोपी पिछले दो साल से इस धंधे में सक्रिय थे.

यह भी पढ़ें...

गांजे की खेप के साथ पकड़े गए आरोपी

डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिसरख पुलिस ने सोमवार को निर्माणाधीन बिल्डिंग गोल्डन ग्रांड रोड पर तीनों आरोपियों को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ओडिशा और दूसरे इलाकों से कम कीमत पर गांजा खरीदते थे. इसके बाद कार से स्थानीय युवाओं और गांजा पीने के शौकीन लोगों तक इसकी सप्लाई करते थे.

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में पिंटू ने दोस्त के साथ मिलकर फेसबुक वाली GF पिंकी की कर दी हत्या, वारदात से पहले तीनों ने पी थी शराब

 

पन्नियों में पैक कर करते थे सप्लाई

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गांजे को अलग-अलग ई-कॉमर्स कंपनियों की पन्नियों में पैक करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो. इसके बाद टेलीग्राम ऐप के जरिए ऑर्डर लेकर ऑनलाइन पार्सल के माध्यम से ग्राहकों के घर तक गांजा पहुंचाया जाता था. आरोपी मांग के हिसाब से डोर-टू-डोर सप्लाई करते थे. पुलिस के मुताबिक गांजे की गुणवत्ता अच्छी होने के कारण ग्राहक इसे पसंद करते थे. इसी वजह से आरोपी इसे ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे.

बागपत और नोएडा के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलम खान (30), निवासी गाजियाबाद, वसीम (26), निवासी बागपत और लक्ष्य राठौर (19), निवासी चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, नोएडा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वसीम का आपराधिक इतिहास भी है. उसके खिलाफ थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ में पहले से मुकदमा अपराध संख्या दर्ज है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से कुल 55 किलो 124 ग्राम गांजा और हुंडई एसेंट कार बरामद की है. मामले में आरोपियों के नेटवर्क और उनके एक अन्य साथी के संबंध में जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें- ट्रेन में यात्रा करने वालों के लिए जरूरी खबर,1 जनवरी से गरीब रथ-मगध समेत इन 12 जोड़ी ट्रेनों के बदल जाएंगे नंबर, देखें पूरी लिस्ट