गाजियाबाद में कादिर को पकड़ने गई नोएडा पुलिस पर भीड़ ने किया हमला, कॉन्स्टेबल सौरभ को गोली ही मार दी

अरविंद ओझा

26 May 2025 (अपडेटेड: 26 May 2025, 01:11 PM)

Ghaziabad News: गाजियाबाद के मसूरी में वांछित आरोपी को पकड़ने गई नोएडा पुलिस पर भीड़ ने हमला किया. कांस्टेबल सौरभ को गोली मारी गई, हुई मौत.

Constable Saurabh file pic

Constable Saurabh file pic

Google CTA

Ghaziabad Crime News: वांछित आरोपी को पकड़ने गई नोएडा पुलिस की टीम पर गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में उस वक्त जानलेवा हमला हो गया, जब पुलिस रेड डालने पहुंची थी. इस हमले में कांस्टेबल सौरभ की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि 2-3 अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि भीड़ ने पुलिस पर पत्थरबाजी के साथ-साथ फायरिंग भी की.

यह भी पढ़ें...

घटना शनिवार, 25 मई की है. नोएडा फेज-2 थाना क्षेत्र की पुलिस टीम गाजियाबाद के मसूरी इलाके के गांव नाहल में वांटेड आरोपी कादिर को पकड़ने पहुंची थी. जैसे ही टीम ने रेड शुरू की, वहां हंगामा मच गया. भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया. इसी दौरान कथित तौर पर भीड़ की ओर से गोलीबारी भी की गई, जिसमें कांस्टेबल सौरभ को गोली लग गई.

गंभीर हालत में पहुंचाया गया अस्पताल, नहीं बच सके सौरभ

घायल हालत में कांस्टेबल सौरभ को तत्काल यशोदा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, पत्थरबाजी में घायल हुए अन्य 2-3 पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

डीसीपी ग्रामीण ने दी जानकारी

इस घटना को लेकर डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि, 'दिनांक 25-05-2025 को थाना मसूरी पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना मसूरी के ग्राम नाहल में गौतमबुद्धनगर के एक आरक्षी सौरभ को गोली लग गई है. उसे उसकी टीम द्वारा यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. जानकारी में आया कि वांछित अभियुक्त कादिर, जो नाहल का निवासी है, उसकी गिरफ्तारी के लिए नोएडा पुलिस की टीम आयी हुई थी. इसी दौरान यह घटना हुई. थाना फेस-3 गौतमबुद्धनगर के उपनिरीक्षक सचिन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना मसूरी पर अभियोग दर्ज कर लिया गया है. अन्य वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.'

FIR दर्ज, जांच जारी

गाजियाबाद पुलिस ने इस हमले को गंभीरता से लिया है और आरोपी कादिर समेत भीड़ में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दी गई है. पुलिस आसपास के इलाकों की भी छानबीन कर रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी कादिर की गिरफ्तारी का दावा कर रही है.