ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है.यहां स्नेचिंग से पहले बदमाशों ने बाकायदा कन्फर्म किया कि पीड़िता के पास कौन सा फोन है. एक मूर्ति गोलचक्कर के पास ई-रिक्शा में बैठी शुभी भंडारी नाम की युवती से बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले पता पूछा. फिर फोन की ओर इशारा करते हुए पूछा कि क्या यह नया वाला iPhone है?' जैसे ही युवती ने 'हां' कहा, बदमाश पलक झपकते ही उनके हाथ से iPhone 18 Pro झपटकर हवा में गायब हो गए. पीड़ित युवती ने यह महंगा फोन महज तीन दिन पहले ही खरीदा था.
ADVERTISEMENT
रास्ता पूछने के बहाने आए और पूछ डाला फोन का मॉडल
घटना बिसरख थाना क्षेत्र की है. सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में रहने वाली शुभी भंडारी सुबह ऑफिस जाने के लिए घर से निकली थीं. एक मूर्ति गोलचक्कर के पास पहुंचकर वे ई-रिक्शा का ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए अपना मोबाइल निकाल रही थीं.
पीड़िता के मुताबिक तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक उनके करीब आए. बदमाशों ने पहले उनसे रास्ता पूछने का नाटक किया. इसके बाद उनकी नजर हाथ में मौजूद ब्रांड न्यू आईफोन पर पड़ी तो बदमाशों ने पूछा कि क्या यह नया वाला आईफोन है. शुभी के हां कहते ही बदमाश फोन छीनकर तेजी से फरार हो गए.
तीन दिन पहले ही खरीदा था नया फोन
पीड़िता के पति साकेत गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी ने यह iPhone 18 Pro महज तीन दिन पहले ही खरीदा था. सुबह-सुबह हुई इस वारदात से परिवार सदमे में है. परिजनों ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि व्यस्ततम और प्रमुख सड़कों पर सुबह के वक्त पुलिस गश्त और उपस्थिति बहुत कम दिखाई देती है जिससे इस तरह के बेखौफ अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पीड़िता के पिता की तरफ से पुलिस में FIR दर्ज कराई गई है. बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटा दी गई हैं. घटना स्थल और आसपास की मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. सीसीटीवी और अन्य सर्विलांस साक्ष्यों के आधार पर बाइक सवार लुटेरों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT











