Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा के घोड़ी बछेड़ा गांव में 22 साल की विवाहिता मोनिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया है. परिजनों ने इस मामले में हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मोनिका की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी. मृतका की मां का दावा है कि करोड़ों की प्रॉपर्टी के लालच में उनकी बेटी को मौत के घाट उतारा गया है. उनका आरोप है कि आरोपी युवक ने पहले मोनिका को प्रेम जाल में फंसाकर उससे कोर्ट मैरिज की और उसके बाद से ही वह लगातार प्रॉपर्टी अपने नाम कराने के लिए दबाव बना रहा था.
ADVERTISEMENT
मां ने बेटी को पति की कार में मृत देखा था?
घटनाक्रम के अनुसार, गुरुवार शाम को मोनिका ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि उसके ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. यह सूचना पाकर जब मां घोड़ी गांव पहुंची, तो वहां घर के बाहर भारी भीड़ जमा थी. आरोप है कि उन्होंने अपनी बेटी को आरोपी पति की कार में मृत अवस्था में देखा, जिसे देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया. इसके बाद मोनिका का शव सड़क किनारे जली हुई हालत में बरामद हुआ.
इस दर्दनाक घटना से आक्रोशित परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
दादरी पुलिस ने क्या-क्या बताया?
वहीं दादरी पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मोनिका अपनी माता के साथ म्यू-2 सेक्टर में किराए के मकान पर रहती थी और उसने कुछ समय पहले घोड़ी बछेड़ा निवासी अनुज चौहान के साथ कोर्ट मैरिज की थी. पुलिस के मुताबिक, इस शादी के लिए बाद में दोनों के परिजन सहमत हो गए थे, लेकिन विवाह के बाद से ही युवती और अनुज के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर लगातार विवाद चल रहा था. 7 मई 2026 को युवती ने अपने भाई को फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे तो उन्हें मोनिका की हत्या की जानकारी मिली. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी है, ताकि जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके.
ADVERTISEMENT









