नोएडा के जिला अस्पताल में इंजेक्शन में दवा भर रहा था गार्ड, देखें लापरवाही की एक-एक तस्वीर

भूपेंद्र चौधरी

• 02:21 PM • 17 Aug 2026

नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में एक सुरक्षा गार्ड द्वारा इंजेक्शन में दवा भरने का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. वीडियो में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की मौजूदगी के बावजूद गार्ड को न रोकने पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई.

Google CTA
1

1/6

|

उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-39 के जिला अस्पताल से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. अस्पताल परिसर के भीतर मरीजों के इलाज में गंभीर लापरवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक सिक्योरिटी गार्ड सिरिंज (इंजैक्शन) में दवा भरता हुआ साफ नजर आ रहा है.
 

2

2/6

|

वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया और सोशल मीडिया पर लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है.
 

3

3/6

|

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल के भीतर तैनात सुरक्षा गार्ड सिरिंज में दवा भर रहा है. चौंकाने वाली बात यह है कि जिस वक्त गार्ड यह काम कर रहा था, उसी कमरे में डॉक्टर और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद थे. लेकिन वहां मौजूद किसी भी स्वास्थ्यकर्मी ने गार्ड को ऐसा करने से न तो रोका और न ही खुद जिम्मेदारी संभाली.
 

4

4/6

|

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने अस्पताल प्रबंधन पर कड़ा गुस्सा जाहिर किया. लोगों का कहना है कि किसी अप्रशिक्षित गार्ड द्वारा इंजेक्शन में दवा की गलत मात्रा या गलत दवा भरे जाने की स्थिति में मरीज की जान को गंभीर खतरा हो सकता था.
 

5

5/6

|

मामला तूल पकड़ते ही जिला अस्पताल प्रशासन तुरंत हरकत में आया और जांच बैठाई. जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. ए.के. झा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया 'मामले की जानकारी मिलते ही तुरंत जांच कराई गई. जांच में सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात एक स्टाफ नर्स ने सुरक्षा गार्ड को सिरिंज और दवा दी थी, जिसे गार्ड भर रहा था. मामला संज्ञान में आते ही सख्त कार्रवाई की गई है.'
 

6

6/6

|

सीएमएस के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने और मरीज की सुरक्षा से खिलवाड़ करने के आरोप में संबंधित स्टाफ नर्स और दवा भरने वाले सिक्योरिटी गार्ड दोनों को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. इसके साथ ही इस पूरे मामले में आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है.

रिलेटेड फोटो गैलरी