Amethi Samajwadi party News: अमेठी से समाजवादी पार्टी (सपा) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दर्जनों गाड़ियों के साथ लखनऊ के लिए रवाना हुए. वे 5 अगस्त को आयोजित होने वाले ब्राह्मण सम्मेलन में शामिल होंगे, जो पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
यह कार्यक्रम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर आयोजित किया गया है. पार्टी का दावा है कि इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे.
समाजवादी पार्टी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क और डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में सम्मेलन आयोजित करने की अनुमति नहीं दी. पार्टी ने इस कदम को ब्राह्मण समाज का अपमान बताते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया.
पार्टी नेताओं ने कहा कि अनुमति न मिलने के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ है. प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग सम्मेलन में शामिल होने के लिए लखनऊ पहुंचे हैं.
अमेठी में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम उदित यादव के निर्देश पर यह दल रवाना हुआ. जिला प्रवक्ता राजेश मिश्रा एडवोकेट के नेतृत्व में क्षेत्र के ब्राह्मण समाज के लोग और समाजवादी कार्यकर्ता दर्जनों वाहनों के साथ लखनऊ पहुंचे हैं.
इस अवसर पर राजेश मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र का जीवन सादगी, संघर्ष, सामाजिक न्याय और समाजवादी मूल्यों का प्रतीक रहा है. उन्होंने जोर दिया कि उनके विचार आज भी समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं और समाजवादी पार्टी उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
लखनऊ जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में नरेंद्र पाठक, अनुज मिश्रा, संतोष शर्मा, शिवकुमार दुबे, दिनेश पांडे, रवींद्र शुक्ला और दीपू तिवारी सहित कई समाजवादी कार्यकर्ता और ब्राह्मण समाज के सदस्य शामिल थे.
ADVERTISEMENT











