मोबाइल नहीं दिखाने पर पति ने पत्नी का किया मर्डर, आगरा में 3 महीने पहले ही फरहान और उजमा का हुआ था निकाह

अरविंद शर्मा

• 10:30 AM • 03 Aug 2026

उत्तर प्रदेश के आगरा में निकाह के महज तीन महीने बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है. ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पैमा में बंद पड़े मकान से मंगलवार सुबह उजमा का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

Agra Uzma Murder Case

Agra Uzma Murder Case

Google CTA

Agra Wife Murder Case: उत्तर प्रदेश के आगरा में निकाह के महज तीन महीने बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है. ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पैमा में बंद पड़े मकान से मंगलवार सुबह उजमा का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामले में फरार चल रहे पति फरहान को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में फरहान ने हत्या की वजह को लेकर कई दावे किए हैं. उसका कहना है कि पत्नी मोबाइल फोन उसे नहीं दिखाती थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ब्लेड भी बरामद किया है.

यह भी पढ़ें...

20 अप्रैल को हुआ था निकाह

पुलिस के मुताबिक, झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के भैरो खिड़की मोहल्ले की रहने वाली उजमा का निकाह इसी साल 20 अप्रैल को आगरा के ताजगंज निवासी फरहान के साथ हुआ था. शादी के करीब तीन महीने बाद उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद फरहान मकान पर ताला लगाकर फरार हो गया था. मंगलवार सुबह बंद मकान से उजमा का शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतका के मायके वालों की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया.

मोबाइल को लेकर होता था विवाद

पुलिस पूछताछ में फरहान ने दावा किया कि उजमा उसे अपना मोबाइल फोन नहीं छूने देती थी. आरोपी के मुताबिक, वह कई बार पत्नी का मोबाइल देखने की कोशिश करता था, लेकिन इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो जाता था. फरहान ने यह भी बताया कि निकाह के समय दोनों के बीच एक-दूसरे के बच्चों की जिम्मेदारी उठाने को लेकर सहमति बनी थी. उसका आरोप है कि बाद में उजमा इस बात से पीछे हट गई. फरहान के अनुसार, उजमा अपने बच्चों को मायके में छोड़कर आई थी, लेकिन जब वह बच्चों को अपने साथ लेकर आया तो पत्नी उनके लिए खाना नहीं बनाती थी. इसी वजह से घर में आए दिन विवाद होता था.

खाना नहीं बनाने पर गुस्सा

फरहान ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन भी उजमा ने खाना नहीं बनाया था. इसी बात से नाराज होकर वह घर से बाहर निकल रहा था. आरोपी के अनुसार, तभी उजमा ने उसे खींच लिया और वह सीढ़ियों से गिर गया. इसके बाद गुस्से में उसने कथित तौर पर पत्थर से पत्नी के सिर पर हमला किया और फिर ब्लेड से उसका गला काट दिया. हत्या के बाद मकान पर ताला लगाकर वह कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां सामने मिली ट्रेन में बैठकर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ब्लेड बरामद कर लिया है.

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर ने बताया, 'बंद मकान में महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मृतका के मायके वालों की तहरीर पर पति फरहान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था.” उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी, जिसके बाद फरहान को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.