'निजी काम से गया था MP स्मृति ईरानी के पास, जबरन पहनाया गमछा', अमेठी में कांग्रेसी नेता संग गजब हुआ

अभिषेक त्रिपाठी

• 05:12 PM • 18 Apr 2024

अमेठी में आज सुबह कांग्रेस नेता को स्मृति ईरानी और भाजपा नेताओं ने भाजपा में शामिल करवाया था. मगर अब उसी नेता ने भाजपा पर बड़े आरोप लगा दिए हैं.

Amethi, Amethi Lok Sabha Chunav, Smriti Irani,

Amethi

Google CTA

Amethi News: लोकसभा चुनाव को लेकर इन समय उत्तर प्रदेश की सियासत में काफी हलचल है. राजनेता जमीन पर उतर चुके हैं. इसी के साथ दलबदल का भी सिलसिला लगातार चालू है. इसी बीच उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा से आज यानी गुरुवार के दिन एक खबर आई, जिसने सियासी हलचल तेज कर दी.

यह भी पढ़ें...

दरअसल अमेठी से सांसद और भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता को भाजपा में शामिल करवाया. बकायदा कांग्रेस नेता को भगवा गमछा देकर पार्टी में शामिल करवाया गया था. जिस कांग्रेस नेता को पार्टी में शामिल करवाया गया था, वह प्रदेश कांग्रेस मीडिया कॉर्डिनेटर के पद पर तैनात रहे विकास अग्रहरी थे. 

आपको बता दें कि अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है. कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले नेता विकास अग्रहरी अब फिर कांग्रेस में आ गए हैं और उन्होंने भाजपा और स्मृति ईरानी पर बड़े आरोप भी लगाए हैं. 

‘जबरन करवा दिया भाजपा में शामिल’

कांग्रेस नेता विकास अग्रहरी का कहना है कि वह निजी काम से सांसद के आवास पर गए थे. मगर यहां जाना उन्हें भारी पड़ गया. वहां जबरन भाजपा नेताओं और स्मृति ईरानी ने भगवा गमछा पहनाकर भाजपा में शामिल करवा दिया. 

कांग्रेस नेता विकास अग्रहरी का कहना है कि वह पहले भी कांग्रेस में थे और आगे भी कांग्रेस में ही रहेंगे. उनका कहना है कि आज सुबह वह अपने निजी काम से सांसद से मिलने गए थे. तभी उन्हें वहां भगवा गमछा पहना दिया गया और भाजपा में शामिल करवा दिया गया.  

आपको बता दें कि विकास अग्रहरी कांग्रेस पार्टी के  प्रदेश मीडिया कॉर्डिनेटर के पद पर तैनात हैं. फिलहाल ये मामला चर्चाओं में बना हुआ है.