UPSC Civil Services Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. इस प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले के महरुआ निवासी पुरु दुबे ने ऑल इंडिया रैंक 86 हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है. कई प्रयासों और कड़ी मेहनत के बाद पुरु दुबे ने यह मुकाम हासिल किया है. आपको बता दें कि इससे पहले वह दो बार इंटरव्यू तक पहुंचे थे. उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में सफलता हासिल करते हुए सिविल सेवा में अपना स्थान पक्का कर लिया है. उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी नई प्रेरणा मिली है.
ADVERTISEMENT
महरुआ के रहने वाले हैं पुरु दुबे
पुरु दुबे अम्बेडकरनगर जिले के महरुआ क्षेत्र के निवासी हैं. उनके पिता रतनसेन इंटर कॉलेज, बांसी सिद्धार्थनगर में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं. वर्तमान समय में वह दिल्ली में रहकर अपनी तैयारी कर रहे थे. उनकी इस सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है.
पुरु की प्रारंभिक शिक्षा अम्बेडकरनगर के अकबरपुर स्थित सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज से हुई है. इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए वाराणसी का रुख किया और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (IIT BHU) से पढ़ाई पूरी की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था और उसी दिशा में लगातार मेहनत करते रहे.
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
पुरु दुबे की सफलता की कहानी संघर्ष और धैर्य की मिसाल है. उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में इससे पहले दो बार इंटरव्यू दिया था लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में कड़ी मेहनत और लगन के साथ तैयारी जारी रखी. आखिरकार उनके प्रयास रंग लाए और इस बार उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 86 हासिल कर सिविल सेवा में चयनित होकर अपने सपने को साकार कर लिया.
यूपीएससी 2025 रिजल्ट की मुख्य बातें
संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा और इंटरव्यू (पर्सनैलिटी टेस्ट) के आधार पर अंतिम परिणाम जारी किया है. आयोग ने मेरिट के आधार पर कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है. इस बार अनुज अग्निहोत्री ने परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है. दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर एकांश ढुल रहे.
इस साल कुल 958 उम्मीदवारों का चयन किया गया है. इनमें 317 सामान्य वर्ग, 104 ईडब्ल्यूएस, 306 ओबीसी, 158 अनुसूचित जाति और 73 अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं.
ऐसे चेक कर सकते हैं रिजल्ट
जो उम्मीदवार इंटरव्यू राउंड तक पहुंचे थे, वे यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं. आयोग ने टॉपर्स की सूची भी जारी कर दी है, जिसमें उम्मीदवार पीडीएफ फाइल में अपना नाम और रोल नंबर चेक कर सकते हैं. पुरु दुबे की इस सफलता ने अम्बेडकरनगर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है.
यह भी पढ़ें: UPSC सिविल सेवा की टॉपर्स लिस्ट में शामली की आस्था जैन ने मारी बाजी, उनके इस रिजल्ट ने सबको चौंकाया
ADVERTISEMENT









