UP Board Exam 2026: फतेहपुर में पकड़ा गया मुन्ना भाई, दूसरे छात्र की जगह 2 घंटे तक दिया हिंदी का पेपर

UP Board Exam Solver Caught: यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन फतेहपुर में बड़ी कार्रवाई! फर्जी एडमिट कार्ड के साथ दूसरे की जगह पेपर दे रहा सॉल्वर गिरफ्तार. जानिए क्या है नई नकल विरोधी नीति और कितनी होगी सजा.

यूपी तक

• 12:16 PM • 19 Feb 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश बोर्ड (UP Board) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं. इस बीच फतेहपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई. यहां एक 'मुन्ना भाई' (सॉल्वर) को दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है. यह मामला फतेहपुर के राधानगर थाना क्षेत्र स्थित श्रीमती रामा अग्रहरी बालिका इंटर कॉलेज का है. 

यह भी पढ़ें...

दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के हिंदी के पेपर के दौरान, एक युवक दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा दे रहा था. बताया जा रहा है कि पकड़े जाने से पहले आरोपी सॉल्वर लगभग 2 घंटे तक परीक्षा दे चुका था. 

कैसे पकड़ा गया सॉल्वर?

फ्लाइंग स्क्वॉड (उड़न दस्ता) की टीम ने चेकिंग के दौरान संदेह होने पर युवक को पकड़ा. आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड और युवक की फोटो लगा फर्जी एडमिट कार्ड बरामद हुआ है. पकड़ा गया युवक विवेकानंद गर्ल्स इंटर कॉलेज का छात्र बताया जा रहा है, जो किसी अन्य परीक्षार्थी की जगह बैठा था. 

जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश सिंह के मुताबिक, आरोपी छात्र और जिस छात्र की जगह वह बैठा था, दोनों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की जाएगी. नकल निवारण अधिनियम 2024 के तहत इसमें बहुत कड़े प्रावधान हैं, जिसमें आजीवन कारावास और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना शामिल है. अगर विद्यालय प्रबंधन की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी.

यूपी बोर्ड ने नकल विहीन परीक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों और थ्री-लेयर चेकिंग का दावा किया था. इसके बावजूद, फर्जी दस्तावेजों के साथ सॉल्वर का परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश करना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है.