CBSE 12th Result 2025: 25000 से अधिक स्टू़डेंट्स ने सीबीएसई 12वीं के रिजल्ट में पाए अद्भुत नंबर

यूपी तक

13 May 2025 (अपडेटेड: 13 May 2025, 01:19 PM)

CBSE Class 12th Results: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सोमवार को 12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया. इस बार भी बोर्ड परीक्षा में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है.

CBSE Board 12th Result

CBSE Board 12th Result

Google CTA

CBSE Class 12th Results out: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सोमवार को 12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया. इस बार भी बोर्ड परीक्षा में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन सबसे खास बात ये रही कि 25,000 से ज्यादा विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जबकि 1.15 लाख से अधिक छात्र 90 फीसदी से ऊपर अंक लाने में कामयाब रहे हैं. वहीं, कुल 88.39 प्रतिशत छात्र परीक्षा में पास हुए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ा बेहतर प्रदर्शन है.

यह भी पढ़ें...

लड़कियों ने फिर दिखाया कमाल

CBSE 12वीं के परिणामों में इस बार भी लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ दिया है. परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज के अनुसार, लड़कियों का पास प्रतिशत 91.64% रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 85.70% है. इस तरह लड़कियों ने 5.94 प्रतिशत अंकों से बाजी मारी है. यह लगातार कई वर्षों से जारी ट्रेंड को बरकरार रखता है, जहां लड़कियां बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं.

1.29 लाख छात्रों को मिला कंपार्टमेंट

हालांकि, रिजल्ट के इस जश्न के बीच करीब 1.29 लाख छात्रों को कंपार्टमेंट में रखा गया है. ये वे छात्र हैं, जो कुछ विषयों में न्यूनतम अंक नहीं प्राप्त कर सके. बोर्ड द्वारा जल्द ही कंपार्टमेंट परीक्षाओं की तिथियां घोषित की जाएंगी, जिससे ये छात्र अपनी पढ़ाई को आगे जारी रख सकें.

रीजनल रिजल्ट: विजयवाड़ा बना टॉपर, यूपी की स्थिति कमजोर

अगर रीजन की बात करें तो विजयवाड़ा 99.60% पास प्रतिशत के साथ देश में पहले स्थान पर रहा है. उसके बाद त्रिवेंद्रम 99.32% और चेन्नई 97.39% के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं. दिल्ली वेस्ट (95.37%), दिल्ली ईस्ट (95.06%), और बेंगलुरु (95.95%) जैसे मेट्रो शहरों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है.

उत्तर प्रदेश की बात करें तो नोएडा रीजन ने राज्य में टॉप किया है, लेकिन पूरे देश में यह 16वें स्थान पर रहा. नोएडा का पास प्रतिशत 81.29% रहा. वहीं प्रयागराज रीजन 79.53% के साथ 17वें स्थान पर रहा. यूपी में पिछड़ने की यह स्थिति लगातार बनी हुई है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में गंभीर सोच और सुधार की जरूरत महसूस हो रही है.

इस साल के रिजल्ट में क्या है खास

  • कुल पास प्रतिशत: 88.39%
  • 90% से ऊपर अंक पाने वाले छात्र: 1.15 लाख से अधिक
  • 95% से ऊपर अंक पाने वाले छात्र: 24,000 से अधिक
  • कंपार्टमेंट में गए छात्र: 1.29 लाख से अधिक
  • लड़कियों का पास प्रतिशत: 91.64%
  • लड़कों का पास प्रतिशत: 85.70%

ऐसे देखें अपना रिजल्ट

छात्र अपना रिजल्ट CBSE की आधिकारिक वेबसाइट https://results.cbse.nic.in पर जाकर देख सकते हैं. इसके लिए छात्रों को रोल नंबर, स्कूल नंबर, सेंटर नंबर और जन्मतिथि की जरूरत होगी.

CBSE ने डिजिटल सेफ्टी का ख्याल रखते हुए इस बार डिजिलॉकर पर भी मार्कशीट उपलब्ध कराई है. छात्र अपनी मार्कशीट https://digilocker.gov.in पर लॉगइन कर के भी डाउनलोड कर सकते हैं. CBSE 12वीं के नतीजों में इस बार भी छात्रों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है. जहां एक ओर लाखों छात्रों ने 90% से ज्यादा अंक लाकर यह दिखाया है कि मेहनत और लगन रंग लाती है, वहीं लड़कियों ने फिर साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं.