उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अंतर्गत जूनियर एनालिस्ट (खाद्य) के पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है. आयोग ने चयनित उम्मीदवारों के रोल नंबर और श्रेणीवार कट-ऑफ ऑनलाइन जारी कर दिए है. यह भर्ती विज्ञापन संख्या 04-परीक्षा/2024 के तहत 417 पदों के लिए निकाली गई थी. इस भर्ती के लिए मुख्य लिखित परीक्षा 16 फरवरी 2025 को हुई थी. परीक्षा के बाद पात्रता जांच और दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद 414 उम्मीदवारों का चयन किया गया है. इन चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति से खाद्य नमूनों की जांच, गुणवत्ता परीक्षण और मिलावट रोकने के काम को मजबूती मिलेगी.
ADVERTISEMENT
श्रेणीवार चयनित उम्मीदवारों का विवरण
अंतिम रूप से चयनित 414 उम्मीदवारों में से 168 अनारक्षित श्रेणी के हैं. इनके अलावा अनुसूचित जाति के 87, अनुसूचित जनजाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 114 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 41 उम्मीदवार चुने गए हैं. आयोग ने बताया है कि क्षैतिज आरक्षण के नियमों का पालन किया गया है और इसके तहत चुने गए उम्मीदवारों को उनकी मूल श्रेणियों में ही शामिल किया गया है.
यहां क्लिक करके देखें फाइनल रिजल्ट
विशेष श्रेणियों और रिक्त पदों का हाल
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए 8 पद आरक्षित थे, जिसके तहत 4 उम्मीदवार चुने गए हैं. वहीं सैन्यकर्मियों और भूतपूर्व सैनिकों की श्रेणी में 20 पदों के सापेक्ष में 4 उम्मीदवारों का चयन हुआ है. उत्कृष्ट खिलाड़ियों की श्रेणी में कोई उम्मीदवार उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण इन पदों को मेरिट के आधार पर अन्य उम्मीदवारों से भरा गया है. अनुसूचित जनजाति के 7 पदों में से 4 भरे गए हैं और बाकी 3 पद संबंधित विभाग को भेजे जाएंगे.
प्रोविजनल अभ्यर्थी और कानूनी शर्तें
घोषित परिणाम में 18 उम्मीदवारों को प्रोविजनल आधार पर शामिल किया गया है. इनका अंतिम चयन आयोग या संबंधित विभाग के फैसले पर निर्भर करेगा. इसके साथ ही यह परिणाम विशेष अनुमति याचिकाओं, विशेष अपीलों और रिट याचिकाओं पर आने वाले न्यायालय के आदेशों के अधीन रहेगा.
विभाग में काम और नियुक्ति अपडेट
चयनित जूनियर एनालिस्ट (खाद्य) खाद्य नमूनों के विश्लेषण और गुणवत्ता जांच से जुड़े तकनीकी कामों में मदद करेंगे. इससे विभाग में मिलावट पकड़ने और उपभोक्ताओं की सेहत बचाने के प्रयासों को ताकत मिलेगी. बता दें आयोग की ओर से जारी सूचना में नियुक्ति की तारीख का जिक्र नहीं किया गया है.
यह भी पढ़ें: यूपी की महिलाएं इस बार किसे देंगी वोट? SCORE के चौंकाने वाले सर्वे में पुरुषों से बिल्कुल अलग निकला महिलाओं का मूड!
ADVERTISEMENT











