UPPCB Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (UPPCB) ने असिस्टेंट एनवायरमेंटल इंजीनियर (AEE) और असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर (ASO) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 28 मार्च 2026 की शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-10 के अनुसार आकर्षक वेतन मिलेगा.
ADVERTISEMENT
कुल 40 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत यूपी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड कुल 40 पदों को भरेगा. इनमें असिस्टेंट एनवायरमेंटल इंजीनियर के 26 पद और असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर के 14 पद शामिल हैं. दोनों ही पद ऑफिसर स्तर के हैं, जिनमें चयनित अभ्यर्थियों को अच्छी सैलरी और जिम्मेदार पद पर काम करने का मौका मिलेगा.
आयु सीमा और सैलरी
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 40 साल तय की गई है. आयु की गणना 1 जुलाई 2025 को आधार मानकर की जाएगी. वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी. चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत वेतन दिया जाएगा.
क्या है चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा. सबसे पहले अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) देना होगा. इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण यानी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. अंतिम चयन दोनों चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा.
पद के अनुसार योग्यता
असिस्टेंट एनवायरमेंटल इंजीनियर (AEE) के पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से केमिकल इंजीनियरिंग, केमिकल टेक्नोलॉजी, सिविल इंजियरिंग या एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग में डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) से AMIE की समकक्ष योग्यता भी मान्य होगी.
असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर (ASO के पद के लिए उम्मीदवार के पास केमिस्ट्री, जियोलॉजी, बॉटनी या बायोकेमिस्ट्री विषय में डॉक्टरेट की डिग्री होना जरूरी है. साथ ही पर्यावरण, प्रदूषण नियंत्रण या पब्लिक हेल्थ से जुड़े क्षेत्र में कम से कम 3 साल का अनुभव होना चाहिए. वहीं इन विषयों में मास्टर डिग्री रखने वाले उम्मीदवार 5 साल के अनुभव के साथ भी आवेदन कर सकते हैं.
कितना लगेगा आवेदन शुल्क
ऑनलाइन आवेदन करते समय सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 2000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये फीस निर्धारित की गई है. पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है.
क्या है आवेदन प्रक्रिया
सबसे पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट www.uppbcb.gov.in पर जाना होगा.
वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा और लॉगिन आईडी व पासवर्ड बनाना होगा.
इसके बाद लॉगिन करके ऑनलाइन आवेदन फॉर्म खोलना होगा.
आवेदन फॉर्म में अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यक्तिगत जानकारी और अनुभव से जुड़ी सभी डिटेल्स भरनी होंगी.
पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर स्कैन करके अपलोड करने होंगे.
सभी जानकारी भरने के बाद आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा.
अंत में फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रख लेना चाहिए.
ADVERTISEMENT









