UPSSSC Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने असिस्टेंट बोरिंग टेक्नीशियन के पदों पर नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती के तहत लघु सिंचाई विभाग में 400 से अधिक पदों को भरा जाएगा. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
ADVERTISEMENT
जानें भर्ती से जुड़ी डिटेल्स
इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 402 पद भरे जाएंगे, जिनमें 163 पद अनारक्षित वर्ग के लिए, 82 पद अनुसूचित जाति (SC), 107 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 10 पद अनुसूचित जनजाति (ST) और 40 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए तय किए गए हैं. इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 05 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. इस भर्ती में सभी वर्गों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये तय किया गया है. बता दें कि चयनित उम्मीदवारों को लेवल-02 वेतनमान के तहत 19900 रुपये से लेकर 63200 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा.
योग्यता और आयु सीमा
असिस्टेंट बोरिंग टेक्नीशियन पद के लिए उम्मीदवार का माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश या उसके समकक्ष बोर्ड से हाईस्कूल (10वीं) पास होना जरूरी है. इसके साथ ही उम्मीदवार के पास नलकूप मैकेनिक का प्रमाण पत्र या आईटीआई (ITI) से मशीनिस्ट, फिटर, वायरमैन या टर्नर ट्रेड में कम से कम दो साल का सर्टिफिकेट होना चाहिए.
इसके अलावा राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (NCVT) का तीन साल का अप्रेंटिसशिप प्रमाण पत्र भी मान्य होगा. उम्मीदवार का UPSSSC PET 2025 में शामिल होना भी जरूरी है, क्योंकि इसी के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. आयु सीमा की बात करें तो 1 जुलाई 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 40 साल होनी चाहिए. आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी .
चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर होगा. परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे. इसका मतलब है कि बिजली की बेसिक जानकारी, मशीन और धातु से जुड़े सवाल, माप-तौल, विज्ञान के सामान्य टॉपिक्स जैसे द्रव्यमान, बल, ऊर्जा, तापमान आदि शामिल होंगे. साथ ही कंप्यूटर और नई तकनीक से जुड़े प्रश्न भी आएंगे. इसके अलावा उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य ज्ञान भी पूछा जाएगा. अंत में, इसी परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर उम्मीदवारों की फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी.
कैसे करें आवेदन
सबसे पहले उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
होमपेज पर “Applicant Authentication/Login Through PET Registration Number” विकल्प पर क्लिक करें.
अब PET-2025 के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए ओटीपी डालकर लॉगिन करें.
लॉगिन के बाद अपनी पर्सनल डिटेल्स (नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, श्रेणी, मोबाइल नंबर आदि) चेक और कन्फर्म करें.
इसके बाद शैक्षिक योग्यता से जुड़ी जानकारी (संस्थान का नाम, पास होने का वर्ष, रोल नंबर, प्रमाण पत्र संख्या) भरें.
अपलोड की गई फोटो और हस्ताक्षर को देखकर वेरिफाई करें और आगे बढ़ें.
सभी जानकारी भरने के बाद ऑनलाइन आवेदन शुल्क का भुगतान करें.
अंत में फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें .
यह भी पढ़ें: साउथ सेंट्रल रेलवे में 2801 पदों पर निकली भर्ती, 10वीं और ITI पास युवा बिना देर किए करें अप्लाई
ADVERTISEMENT









