UP Rojgar Mela 2026: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए जून का महीना रोजगार के बेहतरीन अवसर लेकर आया है. अगर आप एक अच्छी नौकरी की तलाश में हैं तो प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे रोजगार मेले आपके लिए मददगार साबित हो सकते हैं. इस महीने राज्य के कई जिलों में बड़े स्तर पर जॉब फेयर्स का आयोजन किया जा रहा है, जहां देश-विदेश की नामी कंपनियां 6000 से अधिक खाली पदों पर योग्य उम्मीदवारों का सिलेक्शन करेंगी. यह अभियान 30 जून 2026 तक जारी रहेगा, जिसमें अयोध्या, मुरादाबाद, कानपुर देहात, महोबा और बहराइच समेत कई जिलों को शामिल किया गया है.
ADVERTISEMENT
फ्रेशर्स और अनुभवी दोनों के लिए अच्छा मौका
इन रोजगार मेलों की सबसे खास बात यह है कि इसमें न केवल अनुभवी लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा, बल्कि उन युवाओं के लिए भी यह एक बेहतरीन शुरुआत हो सकती है जिन्होंने हाल ही में अपनी पढ़ाई पूरी की है और करियर की शुरुआत करना चाहते हैं. अलग-अलग कंपनियों की जरूरतों के हिसाब से जून के शुरुआती हफ्तों से ही इंटरव्यू और भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. आने वाले दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में करीब 13 बड़े रोजगार मेले आयोजित होने जा रहे हैं.
जून महीने में रोजगार मेलों का पूरा शेड्यूल
8 जून से 10 जून तक के मेले: जून की शुरुआत में 8 तारीख को महोबा के जिला रोजगार कार्यालय (100 पद) और अयोध्या के राजकीय आईटीआई परिसर, बेनीगंज (1205 पद) में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई. इसके बाद 9 जून को रामपुर के जिला सेवायोजन कार्यालय (50 पद) और भदोही के डीजेडी प्राइवेट आईटीआई कैंपस, ज्ञानपुर (1428 पद) में लिए मेले लगेंगे . वहीं, बहराइच के जरवल फखरपुर विकास खंड परिसर में 9 और 10 जून को 160 पदों के लिए मेला आयोजित किया जा रहा है.
11 जून से 13 जून तक के मेले: बहराइच के ही रिसिया एवं शिवपुर विकास खंड परिसर में 11 और 12 जून को 155 पदों के लिए दोबारा अवसर मिलेगा. 11 जून को कानपुर देहात के मंगलम प्राइवेट आईटीआई (565 पद) और बागपत के स्यादवाद हायर एजुकेशन एंड रिसर्च सेंटर (1169 पद) में युवाओं को मौका दिया जाएगा. इसके बाद 12 जून को अयोध्या के लालबाग स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में 500 पदों पर और 13 जून को मुरादाबाद के रामपुर रोड स्थित आर्यभट्ट इंटरनेशनल स्कूल के पास 150 पदों के लिए कंपनियां पहुंचेंगी .
16 से 30 जून के मेले: महीने के आखिरी हफ्तों में भदोही के ज्ञानपुर स्थित डीजेडी आईटीआई कैंपस में दो बार और मेले लगेंगे, जिसमें 16 जून को 400 पदों और 23 जून को 300 पदों पर भर्ती होगी. अंत में, 30 जून को अयोध्या के बेनीगंज स्थित राजकीय आईटीआई परिसर में 550 पदों के साथ इस महीने के रोजगार मेले का समापन होगा.
इन डाक्यूमेंट्स को रखें साथ
जॉब फेयर में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 साल होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु सीमा और मिलने वाला वेतनमान अलग-अलग पदों और कंपनियों के नियमों के अनुसार तय किया जाएगा.
वहीं इंटरव्यू के लिए जाते समय उम्मीदवार अपने साथ सभी जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज जरूर ले जाएं. इनमें 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री/डिप्लोमा, पैन कार्ड, पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड अपने सीवी की कॉपियां शामिल हैं. चयन प्रक्रिया से लेकर जॉइनिंग के समय इन सभी दस्तावेजों की जांच की जाएगी, इसलिए इन्हें संभालकर अपने साथ रखें.
कैसे करा होगा आवेदन?
इस रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का आवेदन शुल्क या फीस नहीं देना होगा, पूरी प्रक्रिया बिल्कुल निशुल्क है.
मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का पहले से रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है.
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए उम्मीदवार उत्तर प्रदेश रोजगार संगम की आधिकारिक वेबसाइट rojgaarsangam.up.gov.in पर जा सकते हैं.
वेबसाइट पर साइन-अप करते समय नाम, राज्य, जिला, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर जैसी जरूरी जानकारी भरनी होती है.
इसके बाद एक पासवर्ड बनाकर रजिस्ट्रेशन पूरा किया जाता है, जिसका उपयोग लॉगिन करने के लिए किया जाता है.
लॉगिन करने के बाद उम्मीदवार आगे की आवेदन और प्रोफाइल अपडेट प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
जिन उम्मीदवारों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में दिक्कत होती है, वे सीधे रोजगार मेले के आयोजन स्थल पर जाकर भी ऑन-स्पॉट पंजीकरण कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी, स्टेप बाय स्टेप जानें कैसे करें डाउनलोड
ADVERTISEMENT










