टीचर्स के लिए खुशखबरी! 15 विषयों में निकली असिस्टेंट प्रोफेसर की बंपर भर्ती, जानिए कब और कैसे करें आवेदन

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2026 के तहत 15 विषयों में 949 पदों पर भर्तियों का नोटिफिकेशन जारी किया है. ऑनलाइन आवेदन 27 फरवरी से 26 मार्च 2026 तक किए जा सकेंगे.

निष्ठा ब्रत

• 09:37 AM • 04 Jan 2026

follow google news

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के तहत राज्य के उच्च शिक्षा विभाग में 15 अलग-अलग विषयों में कुल 949 असिस्टेंट प्रोफेसर के पद भरे जाएंगे. लंबे समय बाद आई इस बड़ी भर्ती से हजारों उम्मीदवारों को राहत मिलने वाली है.

यह भी पढ़ें...

27 फरवरी से शुरू होंगे आवेदन

बता दें कि MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 से शुरू होगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट mppsc.mp.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे. आवेदन करने की लास्ट डेट 26 मार्च 2026 तय की गई है. आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे लास्ट डेट का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. 

किन-किन विषयों में निकली हैं वैकेंसी

इस भर्ती के जरिए हिंदी, इंग्लिश, इतिहास, राजनीति विज्ञान, इकोनॉमिक्स, सोशियोलॉजी, फिजिक्स, केमिस्ट्री समेत कुल 15 विषयों में नियुक्तियां की जाएंगी. सबसे ज्यादा पद फिजिक्स (145) और केमिस्ट्री (160) विषय में हैं. इसके अलावा कॉमर्स, इकोनॉमिक्स, जियोलॉजी और इतिहास जैसे विषयों में भी अच्छी संख्या में पद शामिल हैं. कुल मिलाकर 949 पदों पर भर्ती की जाएगी. 

क्या है जरूरी योग्यता

असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास  किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर्स डिग्री होना जरूरी है. इसके साथ ही उम्मीदवार का NET पास होना या मध्य प्रदेश राज्य पात्रता परीक्षा (SET) में पास होना जरूरी है. हालांकि जिन अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में पीएचडी डिग्री है, उन्हें NET/SET से छूट दी गई है.

क्या है ऐज लिमिट?

इस भर्ती के लिए न्यूनतम ऐज 21 साल और अधिकतम ऐज 40 साल रखी गई है. ऐज की की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी. बता दें कि मध्य प्रदेश के मूल निवासी और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी. 

कितनी मिलेगी सैलरी

असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयनित उम्मीदवारों को अकादमिक लेवल-10 के तहत 57700 रुपये प्रति माह का वेतन दिया जाएगा. इसके अलावा राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा. चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के माध्यम से पूरी की जाएगी. 

आवेदन शुल्क कितना देना होगा

ऑनलाइन आवेदन के दौरान एससी, एसटी और नॉन क्रीमी लेयर ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं जनरल कैटेगरी और मध्य प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है.

कहां से मिलेगी पूरी जानकारी

भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, विषयवार पदों का विवरण और आधिकारिक नोटिफिकेशन डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को MPPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करने की सलाह दी जाती है. यह भर्ती उन युवाओं के लिए एक शानदार अवसर है जो शिक्षा के क्षेत्र में स्थायी और सम्मानजनक सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं.

यह भी पढ़ें: राहु के इस खास गोचर इन 3 राशियों के लोगों को अचानक मिलने जा रहा पैसा