गाजियाबाद में बेटे-बहू ने दराती से किया माता-पिता पर हमला, मकान के लिए रची खौफनाक साजिश

Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के मोदीनगर में बेटे और बहू ने मकान के लालच में बुजुर्ग माता-पिता पर दराती से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया. देखिए कैसे एक बेटे ने ही अपने मां-बाप के खून का प्यासा बनकर पूरी इंसानियत को शर्मसार किया.

यूपी तक

• 01:11 PM • 24 Feb 2026

follow google news

गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक बेटे और बहू ने मिलकर अपने ही बुजुर्ग माता-पिता पर जानलेवा हमला किया. मकान पर कब्जे की नीयत से किए गए इस हमले ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. आपको बता दें कि गाजियाबाद के मोदीनगर में रहने वाले 70 वर्षीय रमाशंकर और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सुशीला पर उनके बेटे मनोज और बहू किरण ने दराती (धारदार हथियार) से हमला किया.

यह भी पढ़ें...

हमले के बाद बुजुर्ग दंपत्ति लहूलुहान हो गए. मां सुशीला की हालत गंभीर है और वे मेरठ मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं. आरोप है कि हमला करने के बाद सबूत मिटाने और इसे हादसे का रूप देने के लिए घर में आग लगाने की कोशिश भी की गई.

विवाद की वजह

पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद पारिवारिक कलह और मकान पर कब्जे को लेकर था. बेटा और बहू चाहते थे कि बुजुर्ग माता-पिता घर छोड़कर चले जाएं. एक अन्य कारण यह भी बताया जा रहा है कि मनोज की पहली और दूसरी पत्नी (किरण) से बेटा पैदा न होने के चलते घर में अक्सर क्लेश रहता था. पीड़ित रमाशंकर का कहना है कि उन्होंने घटना वाले दिन सुबह भी चौकी जाकर शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. करीब एक महीने पहले भी मारपीट की शिकायत की गई थी, मगर समय रहते एक्शन न लेने के कारण यह खौफनाक वारदात अंजाम दी गई. 

पुलिस ने आरोपी बेटे मनोज को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है. पीड़ित पिता रमाशंकर के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं.