उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के गणेशपुर गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां शादी के दौरान जयमाल स्टेज पर दूल्हे ने दुल्हन को लात मार दी. इस घटना के बाद शादी का जश्न रणभूमि में तब्दील हो गया. यह मामला बाराबंकी के गणेशपुर का है. यहां मुराइनपुरवा से बारात आई थी. रात करीब 11:00 बजे जयमाल की रस्म चल रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूल्हा विशाल नशे में था. जयमाल के दौरान अचानक दूल्हे ने दुल्हन निशा को खींचकर एक लात मार दी.
ADVERTISEMENT
इसके बाद हुई मारपीट और मचा हंगामा
जब दुल्हन के पिता बीच-बचाव करने आए, तो दूल्हे ने उनके साथ भी मारपीट की. इसके बाद दोनों पक्षों (घराती और बाराती) के बीच जमकर संघर्ष हुआ. हंगामे में कुर्सियां तोड़ी गईं और इस झड़प में दूल्हे के जीजा, बहन और एक बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए. दुल्हन निशा ने आरोप लगाया कि दूल्हे ने उसे लात मारी और उसके परिवार के साथ मारपीट की. उसने यह भी कहा कि दहेज कम होने की बात को लेकर यह विवाद हुआ.
समझौता होने के बाद फिर हुई शादी
सूचना मिलने पर पुलिस (डायल 112) मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. रात भर चली पंचायत और बुजुर्गों की मध्यस्थता के बाद, सुबह दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ और शादी की बाकी रस्में पूरी की गईं.
ADVERTISEMENT









