Bareilly News: यूपी के बरेली से चौंकाने वाला एक मामला सामने आया है. आपको बता दें कि बरेली में पुलिस ने राजन वर्मा नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. राजन पर आरोप है कि उसने खुद को पुलिसवाला बताकर कई महिला पुलिसकर्मियों के साथ धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया है. बता दें कि आरोपी राजन वर्मा ने न केवल कई महिला पुलिसकर्मियों को ठगी का शिकार बनाया, बल्कि उनमें से कुछ से फर्जी शादी भी कर डाली. बता दें कि राजन ने जिन महिला सिपाहियों को शिकार बनाया उनका सबका सरनेम 'वर्मा' था. खबर में आगे जानिए आखिर 'वर्मा' सरनेम वाली सिपाहियों को ही राजन क्यों टार्गेट करता था?
ADVERTISEMENT
फेसबुक से करता था दोस्ती और फिर ऐसे खुला मामला
आरोप है कि राजन फेसबुक के जरिए महिला सिपाहियों से दोस्ती की और फिर झांसे में लेकर उनका शोषण किया. इस दौरान उनसे लाखों रुपये भी ठगे. मामला तब खुला जब एक महिला पुलिसकर्मी को राजन पर शक हुआ और उसने बरेली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी राजन वर्मा को बीते दिन बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया. बरेली के एसपी (सिटी) राहुल भाटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि असल में, राजन पुलिसकर्मी नहीं है बल्कि वह सिर्फ आठवीं पास है. वह फ्रॉड करने के बाद गायब हो जाता था.
'वर्मा' सरनेम वाली महिला सिपाहियों को क्यों बनाता था निशाना?
आरोपी ने अपने बयान में बताया कि वह केवल उन महिला पुलिसकर्मियों को निशाना बनाता था जिनका सरनेम 'वर्मा' होता था, जिससे सामने वाले को कोई शक नहीं होता. आरोपी ने लखीमपुर खीरी की एक महिला सिपाही को भी अपने जाल में फंसाया और उससे शादी कर ली, लेकिन जल्द ही उसकी सच्चाई सामने आ गई. असल में, राजन वर्मा पुलिसकर्मी नहीं है बल्कि वह सिर्फ आठवीं पास है.
राजन यूपी पुलिस वेबसाइट से लेता था ये मदद!
राजन वर्मा ने अपनी ठगी की घटनाओं को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अंजाम दिया. उसने पुलिस की वेबसाइट के जरिए उन महिला पुलिसकर्मियों से संपर्क करना शुरू किया जिनके नाम के आगे 'वर्मा' लगा होता था. उसने सबसे पहले दो महिला सिपाहियों को अपना शिकार बनाया और शादी का झांसा देकर उनके साथ रेप किया.
पुलिस ने राजन को ऐसे किया अरेस्ट
आरोपी राजन वर्मा बरेली में तैनात एक महिला सिपाही के संपर्क में आया. उसने खुद को एडीजी लखनऊ के यहां तैनात बताया. खुद को अविवाहित बताकर महिला सिपाही को झांसे में लिया. फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और लंबे समय तक शादी का झांसा देता रहा. आरोपी ने एक महिला पुलिसकर्मी को अपने प्रेमजाल में ऐसा फंसा लिया था कि उसके नाम पर लोन भी ले लिया. उसने महिला सिपाही के आधार कार्ड और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर लखनऊ में प्लॉट खरीदने के लिए 6.5 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया. इसके अलावा, वह समय-समय पर महिला से पैसे भी लेता रहा. पुलिस का कहना है इसी आधार पर राजन की गिरफ्तारी हुई.
ADVERTISEMENT











