मौसी के घर में रहती थी लड़की और प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें ही लगा गई चूना, गजब है मामला

Uttar Prdaesh News: उत्तर प्रदेश के आगरा (Agra News) में एक लड़की ने अपनी मौसी को ही ऐसा ठगा है कि हर कोई अचरज में…

अरविंद शर्मा

• 01:15 PM • 16 Jun 2023

follow google news

Uttar Prdaesh News: उत्तर प्रदेश के आगरा (Agra News) में एक लड़की ने अपनी मौसी को ही ऐसा ठगा है कि हर कोई अचरज में है. यहां पुलिस ने चोरी की एक ऐसी वारदात का खुलासा किया है जिसे सुनकर पीड़ित परिवार सन्न रह गया है. चोरी की वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं घर की मालकिन की बहन की बेटी निकली है. बहन की बेटी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर सगी मौसी के घर को निशाना बना डाला. घर में रखी नगदी और ज्वेलरी पर हाथ साफ करवा दिया.

यह भी पढ़ें...

पुलिस ने वारदात में शामिल युवती को उसके बॉयफ्रेंड के साथ गिरफ्तार कर लिया है. बॉयफ्रेंड के दोस्त को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह वारदात 11 जून की है. शाहगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले कारोबारी ने पुलिस को घर मे चोरी की सूचना दी थी.बताया कि चोर उनके घर से लाखों की नगदी और ज्वेलरी चोरी कर ले गए हैं. घर की अलमारियों को तोड़ दिया है.

जांच में पुलिस को पता चली ये बात

पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि वारदात के दौरान कारोबारी की भतीजी घर मे थी. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो वारदात में इस्तेमाल किए गए लोडर टेंपो से जुड़े सुराग हाथ लगे. पुलिस एक-एक कड़ी जोड़कर आगे बढ़ी, तो वारदात के मुख्य आरोपी चेतन और आकाश हाथ लग गए. पुलिस ने आरोपियों से सख्ती दिखाकर पूछताछ की तो युवती की संलिप्तता सामने आ गई.

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चेतन के युवती से तीन साल पुराने प्रेम संबंध हैं. चेतन और आकाश मथुरा के रहने वाले हैं. चोरी में शामिल युवती हाथरस की रहने वाली है. युवती कुछ दिन पहले ही शाहगंज के शिवाजी नगर में रहने वाले अपने मौसा के घर रहने के लिए आई थी. चेतन के मुताबिक उसने अपनी प्रेमिका से बातचीत की और कहा कि उसे रुपये की जरूरत है. इस पर युवती ने प्रेमी चेतन को मौसा के घर मे चोरी करने का आइडिया दे डाला.

इस तरह लगाया चूना

लड़की ने भरोसा दिया कि मैं चोरी करने में तुम्हारी पूरी मदद करूंगी. प्लानिंग बनने के बाद चेतन ने अपने दोस्त आकाश को लालच देकर साथ मिला लिया. इसके बाद चेतन और आकाश लोडर टेंपो लेकर 10 जून की रात को कारोबारी के घर के बाहर पहुंचे. घर के अंदर मौजूद चेतन की प्रेमिका ने घर का दरवाजा खोल दिया. चेतन आराम से घर के अंदर घुसा. पूरे इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरी किए गए सामान को लोडर टेंपो में डालकर चेतन और आकाश मौके से फरार हो गए.

पुलिस उपायुक्त आगरा शहर ने बताया कि वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपियों के कब्जे से 11 लाख रुपए की नकदी समेत करीब 50 लाख रुपये कीमत के आभूषण और समान बरामद किए गए हैं.