अफसाना ने बेटे अफसार संग मिल बेटी फरजान को मारा और फंसा दिया सुनील यादव को... डरावना है मामला!

नितेश श्रीवास्तव

11 Mar 2026 (अपडेटेड: 11 Mar 2026, 11:27 AM)

फतेहपुर जिले से ऑनर किलिंग का बड़ा मामला सामने आया है. आरोप है कि हिंदू लड़के से प्रेम प्रसंग के चलते मां और भाई ने की बेटी की हत्या कर दी. दोनों की प्रेमी को फंसाने की साजिश नाकाम रही. पुलिस ने मां-बेटे को जेल भेज दिया है.

UP Crime News

UP Crime News

Google CTA

फतेहपुर जिले के गाजीपुर क्षेत्र के एक गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां से करीब एक किलोमीटर दूर चने के खेत में एक युवती की लाश पड़ी मिली. मृतका की पहचान फरजाना के रूप में हुई. परिजनों के अनुसार, फरजाना रविवार रात करीब 12 बजे सोई थी. फिर वह अचानक घर से लापता हो गई. रात करीब ढाई बजे परिजनों को वह अचेत अवस्था में खेत में मिली. मृतका के चेहरे और गले पर चोट के निशान पाए गए थे, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी.

यह भी पढ़ें...

प्रेमी को फंसाने की रची गई थी साजिश

फरजाना की मां अफसाना ने गांव के ही एक युवक सुनील यादव पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी. मां का आरोप था कि सुनील ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ रेप किया था. इस संबंध में 26 फरवरी को पहले ही मुकदमा दर्ज कराया गया था. हालांकि, मामले में पेंच तब फंसा जब पता चला कि आरोपी सुनील को पुलिस ने पूछताछ के लिए पहले से ही हिरासत में ले रखा था.

कैसे हुआ इस मामले का खुलासा?

पुलिस के सामने चुनौती यह थी कि जब मुख्य आरोपी सुनील हिरासत में था, तो युवती की हत्या किसने की? जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, सीडीआर और सर्विलांस की मदद ली. जांच चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि फरजाना का अफेयर गांव के ही हिंदू लड़के सुनील से चल रहा था, जिसे लेकर परिवार में भारी आक्रोश था. 

पुलिस ने दावा किया है कि बदनामी के डर से मां अफसाना और भाई अफसार ने मिलकर फरजाना को मौत के घाट उतार दिया और शव को खेत में फेंक दिया. उन्होंने सोचा था कि हत्या का आरोप सुनील पर लगने से वे बच जाएंगे लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच में उनकी साजिश बेनकाब हो गई. 

इस मामले को लेकर सीओ जाफरगंज बृज मोहन राय ने बताया, "2 मार्च को फरजाना का शव बकरी गांव के खेत में मिला था.  तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. विवेचना के दौरान यह प्रकाश में आया कि मृतका की मां अफसाना और उसके भाई अफसार ने सामाजिक मान-मर्यादा के चलते अपनी बेटी की हत्या कर दी थी. दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है."

फरजाना ने आत्महत्या का भी किया था प्रयास!

मृतका फरजाना काफी समय से मानसिक दबाव में थी. उसने बीते 25 फरवरी को रेलवे ट्रैक पर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन आरपीएफ जवानों की मुस्तैदी से उसे बचा लिया गया था और अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसी दौरान उसने सुनील यादव पर रेप का आरोप लगाया था.