Khan Sir Firing Controversy: खान सर के कोचिंग सेंटर से जुड़ा गोलीबारी विवाद अब काफी चर्चा में है. यह मामला खान सर और उनके दो गार्ड्स पर लगे आरोपों को लेकर सामने आया है. विवाद की शुरुआत कोचिंग सेंटर पर लगाए गए पोस्टर को लेकर हुई, जिसके बाद खान सर और दूसरे शिक्षक रोशन आनंद के बीच तनाव बढ़ गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से कोचिंग पर वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी, क्योंकि दोनों का संस्थान एक ही इलाके में संचालित होता है. पोस्टर विवाद के बाद हालात बिगड़ गए और गोलीबारी की घटना सामने आई. पुलिस के मुताबिक इस मामले में तीन आरोपी हैं, जिनमें खान सर और उनके दो गार्ड्स शामिल हैं. शुरुआत में खान सर ने गोलीबारी की बात कही थी, लेकिन बाद में उनके बयान में बदलाव देखने को मिला. वहीं वायरल वीडियो में कथित तौर पर गार्ड्स को गोली चलाते देखा गया, जिन्होंने पूछताछ में पुलिस को बताया कि यह कार्रवाई खान सर के कहने पर की गई थी.
ADVERTISEMENT
पुलिस जांच में सामने आया कि खान सर के दोनों गार्ड उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. एक गार्ड मैनपुरी जिले के छिनकौरा गांव का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा कासगंज जिले के नगला भदौरिया का रहने वाला है. दोनों को खान सर ने अपनी सुरक्षा के लिए रखा था. घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए खान सर को आरोपी बनाया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इस पूरे मामले ने खान सर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और उनकी गिरफ्तारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. पुलिस पूरे विवाद की गंभीरता से जांच कर रही है और आने वाले समय में मामले में और खुलासे हो सकते हैं.
खान सर, जिनका असली नाम फैजल खान बताया जाता है, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की है और अपने देसी अंदाज में पढ़ाने की वजह से काफी लोकप्रिय हैं. भूगोल, इतिहास, भारतीय संविधान जैसे विषयों को आसान भाषा में समझाने के कारण उनके लाखों छात्र हैं और उनका यूट्यूब चैनल भी काफी मशहूर है. उनकी कोचिंग से जुड़ा एक अस्पताल भी बताया जाता है, जहां कम फीस में इलाज की सुविधा दी जाती है. हालांकि, बीते कुछ समय में नीट पेपर लीक और बीपीएससी परीक्षा जैसे विवादों में भी उनका नाम चर्चा में रहा है. अब यह गोलीबारी विवाद उनके करियर और छवि पर बड़ा असर डाल सकता है, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









