उत्तर प्रदेश के संभल की रहने वाली तमन्ना मलिक की बुर्के में कांवड़ यात्रा अब सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है. उन्होंने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अपने पति अमन त्यागी के साथ संभल के शेमनाथ तीर्थ पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. तमन्ना ने बताया कि यह कांवड़ उनकी एक पुरानी मन्नत का हिस्सा थी. शादी से पहले, जब उनकी और अमन की बातचीत चल रही थी, तब उन्होंने मन्नत मांगी थी कि यदि उनकी शादी हो जाती है, तो वे हरिद्वार से पैदल कांवड़ लेकर आएंगी. शादी के बाद उनके दो बेटे हुए, और अब जब परिवार पूरी तरह 'कम्प्लीट' हो गया, तो उन्होंने अपनी यह मन्नत पूरी की.
ADVERTISEMENT
हरिद्वार से संभल तक की करीब 200 किलोमीटर की यात्रा में उन्हें शुरुआत में नजीमाबाद और नहटौर जैसे इलाकों में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा. हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने उन्हें पूरी सुरक्षा दी. नूरपुर से लेकर संभल तक पुलिस उनके साथ रही. तमन्ना ने बताया कि लोग उन्हें देखने के लिए इतनी भीड़ लगा रहे थे कि पुलिस को रास्ता बनाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी.
अमन त्यागी ने बताया कि वे दोनों अपनी मर्जी और खुशी से यह कांवड़ लाए हैं. उन्होंने साझा किया कि अलग-अलग समुदायों से होने के कारण शादी के समय भी उन्हें विरोध और धमकियों का सामना करना पड़ा था. वर्तमान में भी उन्हें कुछ धमकियां मिल रही हैं, लेकिन अमन का कहना है कि वे डरने वाले नहीं हैं और प्रशासन उनके साथ है. संभल पहुंचने पर तमन्ना का स्वागत एक सेलिब्रिटी की तरह हुआ. लोग उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी खिंचाने के लिए बेताब दिखे. उनकी भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा की अब चारों तरफ चर्चा हो रही है.
ADVERTISEMENT









