Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. रात का सन्नाटा, सड़क किनारे पुलिस चेकिंग और अचानक पहुंची दो गाड़ियां, इसके बाद जो हुआ, वह कैमरे में कैद हो गया. पुलिस की मौजूदगी में एक किसान को घेरकर पीटा गया और उसकी सोने की चेन लूट ली गई. आरोप है कि हमला अवैध खनन की शिकायत के शक में किया गया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कार्रवाई को लेकर बहस छिड़ गई है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
घटना 5 फरवरी की रात पुरकाजी थाना क्षेत्र के धमाद गांव की बताई जा रही है. पीड़ित किसान जोगिंद के मुताबिक, वह रात करीब 11 बजे अपनी कार से खेत पर जा रहे थे. धमाद नहर के पास पुलिस चेकिंग चल रही थी, जहां वे कुछ देर के लिए रुके थे. इसी दौरान एक स्कॉर्पियो और उसके पीछे एक अन्य कार मौके पर पहुंची. दोनों वाहनों से 8-10 लोग उतरे और कथित रूप से किसान के साथ मारपीट शुरू कर दी.
खनन की शिकायत का शक
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों को शक था कि वह उनके अवैध रेत खनन की शिकायत पुलिस से करते हैं. हालांकि जोगिंद का कहना है कि उनका खनन से कोई लेना-देना नहीं है. मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए.
CCTV में कैद हुई घटना
घटना स्थल के पास लगे जिला पंचायत के सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई. वायरल वीडियो में कुछ लोग किसान के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और सोशल मीडिया पर पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.
पुलिस की जांच जारी
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. हालांकि किसान का आरोप है कि पुलिस ने केवल धारा 151 के तहत कार्रवाई कर मामले को हल्का करने की कोशिश की है. इस संबंध में मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 5 फरवरी को दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी. मुकदमा दर्ज कर चार लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. वहीं पीड़ित किसान ने लूटी गई चेन की बरामदगी और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है.
ADVERTISEMENT









