मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जूहू स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में एक बड़ा उत्तर प्रदेश कनेक्शन सामने आया है. जांच में पता चला है कि इस साजिश में शामिल सभी शूटर और मददगार उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं. फायरिंग के पीछे राजस्थान के श्रीगंगानगर से जुड़े शुभम लोनकर गैंग का हाथ बताया जा रहा है. कथित तौर पर गैंग ने रोहित शेट्टी से ₹5 करोड़ की रंगदारी वसूलने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था.
ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश कनेक्शन और गिरफ्तारियां
वारदात में शामिल सभी सात आरोपी उत्तर प्रदेश (आगरा, नोएडा, इटावा और गाजियाबाद) के रहने वाले हैं. आगरा निवासी दीपक मुख्य शूटर था जिसने फायरिंग की. उसे हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार किया गया. यूपी एसटीएफ और मुंबई पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर 7 आरोपियों को पकड़ा है. गाजियाबाद से विष्णु कुशवाहा, जतिन भारद्वाज और विशाल को दबोचा गया.
विष्णु कुशवाहा को शूटर और गैंग के बीच की अहम कड़ी बताया जा रहा है, जबकि जतिन और विशाल पर आरोपियों को छिपाने का आरोप है. सभी आरोपियों को विशेष MCOCA (मकोका) कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें 25 तारीख तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.
वारदात में सेमी-ऑटोमेटिक पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था, जो गैंग द्वारा उपलब्ध कराई गई थी. रोहित शेट्टी के घर के बाहर 1 फरवरी को पांच राउंड फायरिंग हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर थीं.
ADVERTISEMENT









