UP News: उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव पंचूर में प्रवास भावनाओं से भरा रहा. शुक्रवार रात गांव में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह मुख्यमंत्री ने गांव की गलियों में निकलकर अपने लोगों से मुलाकात की. बड़े-बुजुर्गों का हालचाल जाना, बच्चों से बातचीत की और हर चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी. गांव में मुख्यमंत्री का यह दौरा किसी औपचारिक कार्यक्रम से ज्यादा एक पारिवारिक मुलाकात जैसा नजर आया. उनके सरल स्वभाव और आत्मीय व्यवहार ने स्थानीय लोगों का दिल जीत लिया.
ADVERTISEMENT
गांव के बच्चों और बुजुर्गों से की मुलाकात
शनिवार सुबह मुख्यमंत्री अपने परिजनों से भी मिले और सभी का कुशलक्षेम जाना. इसके बाद वे गांव भ्रमण पर निकले, जहां उन्होंने परिचितों और ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की.इस दौरान वे हर उम्र के लोगों से मिले और खासतौर पर बच्चों को दुलारते नजर आए. बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव के बुजुर्गों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य व हालचाल के बारे में पूछा. इसके बाद वे बच्चों के बीच पहुंचे, जहां उनका बालप्रेम साफ नजर आया. उन्होंने बच्चों से खुलकर बातचीत की, उन्हें चॉकलेट दी और एक बच्चे को गोद में उठाकर प्यार से खिलाया. बच्चों ने भी बिना किसी झिझक के मुख्यमंत्री से बातें करते नजर आए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहज और विनम्र व्यवहार को देखकर गांव के लोग भाव-विभोर हो गए. इस दौरान कई ग्रामीणों ने उनके साथ सेल्फी भी ली. सीएम योगी की सादगी और अपनापन गांव में चर्चा का विषय बना रहा.
बच्चे को बोले - हम भी तेरे दादा लगते हैं
गांव भ्रमण के दौरान एक बच्चे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फूल भेंट किए. मुख्यमंत्री ने उस मासूम को खाने का सामान दिया, जिसे बच्चे ने पास खड़े अपने दादा को दे दिया. यह देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और प्यार भरे शब्दों में बोले कि ‘हम भी तेरे दादा लगते हैं.’ यह पल वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक और यादगार बन गया.
गांव और खेती से जुड़े रहने की अपील
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीणों से गांव में रहने और खेती-बाड़ी को अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि गांव और कृषि हमारी असली पहचान हैं और इन्हें मजबूत बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री का यह दौरा पंचूर गांव के लोगों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया, जहां सत्ता से ज्यादा अपनापन और रिश्तों की गर्माहट महसूस की गई.
यह भी पढ़ें: पत्नी को था कैंसर, इलाज में खर्च हो रहे थे खूब पैसे... बेशर्म पति राहुल ने ऐसे करा दी उसकी हत्या
ADVERTISEMENT









