UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल थोड़ी धीमी नजर आ रही है, लेकिन उमस और चिलचिलाती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 31 जुलाई को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT
खासकर पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी व दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं. कानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, झांसी और बरेली जैसे मंडलों में पिछले कुछ दिनों से दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा था, लेकिन अब बहुत जल्द मौसम का मिजाज बदलने वाला है.
31 जुलाई को कहां-कहां गिरेगी पानी की बूंदें?
मौसम विभाग के मुताबिक, 31 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं.
31 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए मूसलाधार या भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है. यानी दिनभर छिटपुट बारिश और बादलों का डेरा रहेगा, जिससे सूरज की तल्खी कम होगी और मौसम सुहावना बना रहेगा.
30 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 31 जुलाई को हवाओं का जोर देखने को मिलेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 से 25 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आएगी, जिससे रातें और दिन काफी ठंडे और सुहावने हो जाएंगे.
3 अगस्त से शुरू होगी मूसलाधार बारिश
अगर आप झमाझम मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे हैं, तो अपने वाटरप्रूफ गियर तैयार रखिए. मौसम विभाग के 7-दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 और 2 अगस्त से बारिश का दायरा धीरे-धीरे बढ़ेगा और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज होगी.
3 अगस्त से 5 अगस्त के बीच उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां चरम पर होंगी. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ मूसलाधार और भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT











