चेक बाउंस मामले में जेल की सलाखों के पीछे पहुंचे मशहूर अभिनेता राजपाल यादव चर्चा के केंद्र में है. मूल रूप से शाहजहांपुर जिले के रहने वाले राजपाल यादव की इस मुश्किल घड़ी में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जन शक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव मदद के लिए आगे आए हैं. तेजप्रताप ने राजपाल यादव के परिवार के लिए बड़ी आर्थिक मदद का ऐलान किया है.
ADVERTISEMENT
तेजप्रताप यादव ने की 11 लाख की मदद
तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से राजपाल यादव के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता की घोषणा की. उन्होंने कहा, "मुझे अभी मेरे बड़े भाई राव इंदरजीत यादव जी की पोस्ट के माध्यम से माननीय राजपाल यादव जी के परिवार की पीड़ा के विषय में जानकारी प्राप्त हुई. इस अत्यंत कठिन समय में मैं और मेरा पूरा JJD (जन शक्ति जनता दल) परिवार, उनके शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और मजबूती से खड़ा है. मानवीय करुणा एवं सहयोग की भावना से, मैं JJD परिवार की ओर से ₹11,00,000 (ग्यारह लाख रुपये) की आर्थिक सहायता उनके परिवार को प्रदान कर रहा हूं."
आखिर क्यों जेल गए राजपाल यादव?
राजपाल यादव ने गुरुवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल के अधिकारियों के सामने सरेंडर कर दिया. यह मामला 2010 का है जब उन्होंने अपनी फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए दिल्ली के एक बिजनेसमैन से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और राजपाल कर्ज नहीं चुका पाए. ब्याज बढ़ते-बढ़ते यह रकम करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई.
'यहां हम सब अकेले हैं. कोई दोस्त नहीं है'
सरेंडर करने से ठीक पहले 54 वर्षीय अभिनेता काफी भावुक हो गए. मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए कहा "सर क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं और कोई दूसरा रास्ता भी नहीं दिख रहा." जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म इंडस्ट्री से किसी दोस्त ने मदद की? तो उन्होंने रूआंसे होकर कहा, "सर, यहां हम सब अकेले हैं. कोई दोस्त नहीं है, मुझे इस संकट से खुद ही लड़ना होगा."
राजपाल यादव ने दिल्ली हाई कोर्ट से फंड जुटाने के लिए एक हफ्ते का और समय मांगा था, लेकिन अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कानून के सामने हर कोई बराबर है, चाहे वह किसी भी प्रोफेशन या इंडस्ट्री से हो. बार-बार ढील देने से न्यायिक आदेशों की गरिमा कम होती है.
कौन हैं राजपाल यादव?
राजपाल यादव पिछले दो दशकों से बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय कॉमेडियन और अभिनेता हैं. 'भूल भुलैया', और 'हंगामा' जैसी 150 से ज्यादा फिल्मों में उन्होंने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है. हाल ही में वे 'बेबी जॉन' में नजर आए थे और उनकी अगली फिल्म अक्षय कुमार के साथ 'भूत बंगला' आने वाली है.
ADVERTISEMENT









