Jewar Airport First Flight News: लंबे इंतजार के बाद जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान भरने को तैयार है. 15 जून यानी कल सोमवार को जेवर एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट लखनऊ के लिए रवाना होगी. इस खास उड़ान की सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें आम यात्रियों की जगह उन 172 किसानों को सफर करने का मौका मिलेगा, जिन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए अपनी जमीन देकर इसके निर्माण में अहम योगदान दिया था.
ADVERTISEMENT
लखनऊ के लिए संचालित होगी पहली उड़ान
जानकारी के अनुसार जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान लखनऊ के लिए संचालित की जाएगी. इस उड़ान में जेवर क्षेत्र के 172 किसान शामिल होंगे. किसानों के साथ जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह भी इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे. यह उड़ान सिर्फ एक हवाई सफर नहीं, बल्कि उन किसानों के योगदान को सम्मान देने का प्रतीक मानी जा रही है, जिनकी जमीनों पर देश की महत्वपूर्ण एयरपोर्ट परियोजनाओं में से एक आकार ले सकी.
मुख्यमंत्री योगी से करेंगे मुलाकात
लखनऊ पहुंचने के बाद सभी किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे. इस दौरान किसान मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करेंगे. बताया जा रहा है कि जेवर एयरपोर्ट परियोजना को सफल बनाने में स्थानीय किसानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और इसी योगदान के सम्मान में यह विशेष पहल की गई है.
किसानों के लिए यादगार बनेगा यह दिन
जेवर क्षेत्र के किसानों के लिए यह दिन ऐतिहासिक और भावुक दोनों होगा. जिन किसानों ने विकास की इस बड़ी परियोजना के लिए अपनी जमीन दी, वे अब उसी परियोजना से उड़ान भरते हुए राजधानी पहुंचेंगे. क्षेत्र के लोगों का मानना है कि यह पहल किसानों के त्याग और सहयोग को सम्मान देने का एक अनोखा उदाहरण है.
ADVERTISEMENT










