दिल्ली-मेरठ रूट पर चलने वाली नमो भारत का अब विस्तार होने जा रहा है. ट्रेन अब उत्तर प्रदेश के मेरठ से आगे बढ़कर उत्तराखंड के ऋषिकेश तक जाएगी. इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तराखंड सरकार और नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) के बीच सहमति बन गई है.
ADVERTISEMENT
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर के सामने रखा था, जिसे मंजूरी मिल गई है.
दिल्ली से ऋषिकेश सिर्फ 3 घंटे में
वर्तमान में दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर लंबा नमो भारत कॉरिडोर है. अब इस ट्रैक को 150 किलोमीटर और आगे बढ़ाकर ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला तक ले जाया जाएगा.
- रफ्तार: नमो भारत ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है.
- समय की बचत: विस्तार के बाद दिल्ली से ऋषिकेश (लगभग 230 किमी) की दूरी सिर्फ 3 घंटे में तय हो जाएगी. सड़क मार्ग के मुकाबले इसमें आधा समय लगेगा.
किन शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन?
प्रस्तावित योजना के मुताबिक, नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होगा और मुजफ्फरनगर होते हुए उत्तराखंड में प्रवेश करेगा. इसके बाद रूट रुड़की और हरिद्वार के 'हर की पौड़ी' से गुजरते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला पर खत्म होगा.
इस पूरे 150 किलोमीटर के नए ट्रैक में से 72 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा. 78 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड में होगा.
जल्द शुरू होगा सर्वे
अब इस 150 किलोमीटर लंबे ट्रैक की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए जल्द ही सर्वे शुरू किया जाएगा. काम को तेजी से पूरा करने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है. NCRTC ने भी अपना नोडल अधिकारी तय कर दिया है और उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इस प्रोजेक्ट को अपनी औपचारिक मंजूरी दे दी है.
यात्रियों और स्थानीय लोगों को फायदा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस ट्रेन सेवा के विस्तार से पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक ट्रांसपोर्ट मिलेगा. इससे उत्तराखंड में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और विकास के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
दिल्ली और मेरठ के बीच नमो भारत ट्रेन सेवा की शुरुआत जनवरी 2025 में हुई थी. अब इसके ऋषिकेश तक बढ़ने से चारधाम यात्रा और उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी.
ADVERTISEMENT










