भारी मारा-मारी के बीच हापुड़ में अब्दुल रिहान के घर से मिले भरे हुए 55 सिलेंडर, आरोपी को लेकर हो रहा ये दावा

Hapur News: हापुड़ में एलपीजी संकट के बीच अब्दुल रेहान के घर से 55 गैस सिलेंडर बरामद. सपा जिलाध्यक्ष ने रेहान के पार्टी में होने से किया इनकार. पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा.

Hapur News

देवेंद्र शर्मा

13 Mar 2026 (अपडेटेड: 13 Mar 2026, 10:03 AM)

follow google news

Hapur News: उत्तर प्रदेश में गैस किल्लत के बीच हापुड़ प्रशासन को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अब्दुल रेहान नामक व्यक्ति के ठिकाने से 55 भरे हुए गैस सिलेंडर बरामद किए हैं. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब आम जनता एलपीजी गैस के लिए संघर्ष कर रही है. 

यह भी पढ़ें...

छापेमारी में खुला ये राज

जानकारी मिली थी कि अब्दुल रेहान के घर पर गैस सिलेंडरों का अवैध जखीरा है. मौके पर पहुंची टीम ने जब तलाशी ली, तो सिलेंडरों का जखीरा देखकर दंग रह गई. आरोप है कि जब बाजार में गैस का संकट बना हुआ है तब इस तरह की जमाखोरी कर अराजकता फैलाने और ऊंचे दामों पर गैस बेचने का काम किया जा रहा था. 

समाजवादी पार्टी से जुड़ाव पर उठे सवाल

इस मामले में स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि आरोपी अब्दुल रेहान समाजवादी पार्टी का नेता है. हालांकि, इस दावे के विपरीत सपा जिलाध्यक्ष का आधिकारिक बयान भी सामने आया है. हापुड़ सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने बयान जारी करते हुए कहा कि 'अब्दुल रेहान समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता नहीं है और न ही वह पूर्व में कभी सपा में रहा है.'

हापुड़ देहात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि आरोपी रेहान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में 7 साल से कम की सजा का प्रावधान होने के कारण आरोपी को थाने से ही जमानत दे दी गई है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही मामले की चार्जशीट न्यायालय भेजी जाएगी और अवैध जमाखोरी के इस पूरे नेटवर्क को खंगाला जाएगा.