UP News: कासगंज के अमांपुर कस्बा में किराए के मकान में रहने वाले श्यामवीर फौजी (50) ने अपनी पत्नी रामश्री और तीन बच्चों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी. घटना करीब 2 दिन पुरानी बताई जा रही है. जब घर के अंदर से तेज बदबू आने लगी तब पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची कासगंज एसपी अंकिता शर्मा ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड के साथ जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ घटना का खुलासा?
स्थानीय पुलिस को शाम करीब 6:30 बजे सूचना मिली कि वेल्डिंग का काम करने वाले श्यामवीर और उसका परिवार पिछले 2-3 दिनों से घर के बाहर नहीं देखा गया है. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि दुकान और मकान का शटर और दरवाजा अंदर से बंद था. पीछे के दरवाजे की जाली पर एक कपड़ा बंधा था, जिसे फाड़कर देखने पर श्यामवीर का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया.
वीडियोग्राफी के बीच तोड़ा गया ताला
एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मौके पर कोई फोर्स एंट्री के निशान नहीं मिले हैं. पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. अंदर श्यामवीर का शव फंदे पर था जबकि बिस्तर पर उसकी पत्नी और तीन बच्चों के शव पड़े मिले. श्यामवीर पिछले 5-6 साल से यहां किराए पर रह रहा था जहां वह आगे दुकान में वेल्डिंग का काम करता था और पीछे परिवार के साथ रहता था.
पत्नी के गले पर घाव, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, श्यामवीर की पत्नी के गले पर एक घाव मिला है. एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यही लग रहा है कि श्यामवीर ने अपने परिजनों को मारकर खुद आत्महत्या कर ली है, लेकिन मौत के सही कारणों और समय का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा. पुलिस कर्ज के एंगल समेत सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई सैंपल कलेक्ट किए हैं.
ADVERTISEMENT









