12वीं पास करते ही मिलेंगे ₹30000 और कॉलेज जाने पर Free स्कूटी! यूपी सरकार की इन योजनाओं से खाते में आएगा पैसा
आयशा शेख़
20 Aug 2026 (अपडेटेड: 20 Aug 2026, 01:15 PM)
UP Government Schemes for Women: उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं और बेटियों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है. इनका उद्देश्य बेटियों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षा को बढ़ावा देना और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक मदद देना है.
ADVERTISEMENT


1/7
|
उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा आधा दर्जन से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं. इन योजनाओं का मुख्य लक्ष्य प्रदेश में लिंगानुपात में सुधार लाना, बाल विवाह की कुप्रथा पर रोक लगाना और बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है. बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, पोषण और शादी तक के सफर में राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक संबल प्रदान कर रही है.


2/7
|
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना: नवजात बच्चियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का संचालन किया जा रहा है. इस योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म से लेकर उसकी उच्च शिक्षा तक कुल छह विभिन्न चरणों में कुल 25,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. योजना का लाभ एक परिवार की अधिकतम दो बेटियों को मिलता है, बशर्ते परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये या उससे कम हो.
ADVERTISEMENT


3/7
|
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एक सहारा साबित हो रही है. इस योजना के तहत सरकार प्रति जोड़ा 1 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है. इसमें से 60,000 की राशि रुपये सीधे दुल्हन के बैंक खाते में स्थानांतरित की जाती है, ताकि विवाह के समय सहायता मिल सके.


4/7
|
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और विधवा पेंशन योजना: अनाथ और बेसहारा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना चलाई जा रही है. जिन बेटियों ने अपने माता-पिता को खो दिया है, उनकी संपूर्ण देखभाल और शिक्षा का खर्च सरकार उठाती है. इसके अलावा, बेसहारा और विधवा महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए विधवा पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जाती है.
ADVERTISEMENT


5/7
|
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना: उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही मेधावी छात्राओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना लागू की गई है. इसके तहत कॉलेज जाने वाली मेधावी बालिकाओं को मुफ्त में स्कूटी वितरित की जाती है. इस योजना की खास बात यह है कि वाहनों के पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) का पूरा खर्च भी राज्य सरकार द्वारा ही वहन किया जाता है.


6/7
|
कन्या विद्या धन योजना: शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को बढ़ावा देने के लिए कन्या विद्या धन योजना चलाई जा रही है. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) से 12वीं की परीक्षा मेरिट सूची में उत्तीर्ण करने वाली बीपीएल (BPL) परिवार की मेधावी छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए 30,000 रुपये की एकमुश्त सहायता राशि प्रदान की जाती है.
ADVERTISEMENT


7/7
|
मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना: श्रमिक और निर्धन परिवारों में नवजात बच्चों के पोषण एवं देखभाल के लिए मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना संचालित है. इस योजना के अंतर्गत गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले गरीब-मजदूर परिवारों में बेटी का जन्म होने पर 25,000 रुपये और बेटा होने पर 20,000 रुपये की वित्तीय सहायता राशि सरकार द्वारा प्रदान की जाती है.
ADVERTISEMENT










