'ए महाराज, नेता क्या जो चुनाव से भागे?' ओपी राजभर ने दी अखिलेश यादव को चुनौती, बोले- आइये हो जाये दो-दो हाथ
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तंज कसा है.
ADVERTISEMENT

OP Rajbhar Statement On Akhilesh Yadav: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तंज कसा है. अखिलेश ने चुनाव न लड़ने की बात को टोटका बताते हुए कहा था कि जब वह चुनाव नहीं लड़ते, तभी मुख्यमंत्री बनते हैं. अब राजभर ने इसी बयान पर निशाना साधते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतरने की चुनौती दी है. उन्होंने कहा कि नेता चुनाव से नहीं भागते और अखिलेश को कम से कम किसी एक सीट से चुनाव लड़ने की हिम्मत दिखानी चाहिए.
'नेता ही क्या, जो चुनाव से भागे?'
अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि उन्होंने सुना है कि सपा अध्यक्ष अगले साल यूपी विधानसभा चुनाव में किसी सीट से नहीं लड़ेंगे. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'ए महाराज, नेता क्या जो चुनाव से भागे? आइये हो जाये दो-दो हाथ.' राजभर ने अखिलेश के टोटका मानने वाले बयान पर भी चुटकी ली. उन्होंने कहा कि बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री बनना कोई टोटका नहीं था, बल्कि रेडीमेड पार्टी का रेडीमेड शहजादा होने की वजह से वह मुख्यमंत्री बने थे.
अरे मित्र @yadavakhilesh जी! सुना है कि आप अगले साल यूपी विधानसभा चुनाव में किसी सीट से नहीं लड़ेंगे। ए महाराज, नेता क्या जो चुनाव से भागे? आइये हो जाये दो-दो हाथ। हमको नहीं पता था कि आप इतना टोना-टोटका मानने वाले हैं। वैसे बिना चुनाव लड़े आपका मुख्यमंत्री बन जाना कोई टोना-टोटका नहीं था मित्र! बल्कि रेडीमेड पार्टी के रेडीमेड शहजादा होने के कारण मुख्यमंत्री बन पाए थे। अब जब, लग गया कि लड़ने गए तो मिट्टीपलीत होनी तय है तो लगे मैदान छोड़कर भागने? मित्र अखिलेश जी...ये लाल टोपी वालों की सरकार नहीं है, जब प्रदेश टोना-टोटका वाले चलाया करते थे। नोएडा से लेकर आगरा, अयोध्या और मथुरा तक टोना-टोटका मानने वालों की सरकार को जनता ने 10 साल पहले ही उखाड़ के फेंक दिया है। आज हम लोगों ने मिलकर सारे टोना-टोटका, भूत-प्रेत, पिशाच सब झार दिये हैं। आपके सब भूत प्रेत गायब हैं। वैसे भी! ले दे के एक्कै बार सीएम बन पाए हैं आप...अब आगे अगली पैदाइश तक उम्मीद भी नहीं है। तो कम से कम हिम्मत दिखते हुए किसी एक सीट से लड़ लिये होते। डर गए चुनौती पर। चलिए, बाबा विश्वनाथ आपका कल्याण करें... आपके पास चौराहे पर रुककर मिठाई खाने का समय था, मगर कुछ ही दूर पर उनके दरबार में शीश झुकाने का समय नहीं मिला। कम से कम पास में ही काल भैरव बाबा के दरबार में चले गये होते। वहां आपके सब टोना-टोटका का इलाज हो गया होता...। जय भारत, जय श्रीराम, जय परशुराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव!
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 4, 2026
'चुनौती पर डर गए, मैदान छोड़कर भाग रहे'
राजभर ने आगे कहा कि अखिलेश को लग गया है कि चुनाव लड़ने पर उनकी मिट्टीपलीत होना तय है, इसलिए वह मैदान छोड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह लाल टोपी वालों की सरकार नहीं है, जहां टोना-टोटका के सहारे प्रदेश चलाया जाता था. राजभर के मुताबिक, नोएडा से आगरा, अयोध्या और मथुरा तक टोना-टोटका मानने वाली सरकार को जनता ने 10 साल पहले ही सत्ता से बाहर कर दिया था. उन्होंने दावा किया कि अब टोना-टोटका, भूत-प्रेत और पिशाच सबका इलाज कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव? सीएम बनने को लेकर कही ये बात
राजभर ने बाबा विश्वनाथ का भी किया जिक्र
राजभर ने कहा कि अखिलेश एक बार ही मुख्यमंत्री बन पाए हैं और आगे मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद नहीं है. उन्होंने उन्हें कम से कम किसी एक सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी. इसके साथ ही राजभर ने अखिलेश के काशी दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उनके पास चौराहे पर रुककर मिठाई खाने का समय था, लेकिन पास में ही बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश झुकाने का समय नहीं मिला. उन्होंने कहा कि अखिलेश काल भैरव बाबा के दरबार में भी जा सकते थे, जहां उनके टोना-टोटका का इलाज हो जाता. अंत में राजभर ने 'जय भारत, जय श्रीराम, जय परशुराम, जय श्रीकृष्ण और जय महाराजा सुहेलदेव' के नारे के साथ अपनी बात समाप्त की.
