यूपी की इन 140 सीटें पर खेल करने की तैयारी में अखिलेश यादव... सपा के इस नेता ने तैयार किया प्लान!
UP News: 'आज का यूपी' में देखें शंकराचार्य अभिमुक्तेश्वरानंद का लखनऊ में सत्याग्रह का ऐलान और संतों का विरोध. साथ ही, सपा का नया पोस्टर जिसमें अखिलेश यादव पुलिस बैरिकेडिंग फांदते आए नजर.
ADVERTISEMENT

यूपी Tak के खास शो आज का यूपी में आपका स्वागत है. आज के अंक में हम राज्य की तीन ऐसी बड़ी खबरों का विश्लेषण करेंगे जो सत्ता के गलियारों से लेकर धर्म के मंचों तक हलचल मचा रही हैं. सबसे पहले बात करेंगे शंकराचार्य अभिमुक्तेश्वरानंद की, जिन्होंने गौ-हत्या के खिलाफ 11 मार्च को लखनऊ में सत्याग्रह का ऐलान कर दिया है जिस पर अब अखाड़ा परिषद और बड़े संतों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. दूसरी खबर में देखेंगे राम जन्मभूमि न्यास के गोविंद देव गिरी का वह बयान, जिसमें उन्होंने अभिमुक्तेश्वरानंद की प्रामाणिकता पर ही सवाल उठा दिए हैं. अंत में चर्चा करेंगे समाजवादी पार्टी के उस चर्चित पोस्टर की जिसमें अखिलेश यादव पुलिस बैरिकेडिंग फांदते नजर आ रहे हैं और जिसके जरिए पश्चिमी यूपी में एक नई सियासी जंग छेड़ने की तैयारी है.
शंकराचार्य बनाम अखाड़ा परिषद
गौ-माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर शंकराचार्य अभिमुक्तेश्वरानंद ने सरकार को खुली चेतावनी दी है. उन्होंने ऐलान किया है कि वह 11 मार्च को लखनऊ में सत्याग्रह शुरू करेंगे. हालांकि उनके इस कदम ने संत समाज को दो फाड़ कर दिया है. अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने उनके इस रुख को दादागिरी करार दिया है. रविंद्र पुरी का कहना है कि सरकार से हमारी वार्ता चल रही है और मुख्यमंत्री ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है. उन्होंने दावा किया कि अभिमुक्तेश्वरानंद के साथ कोई बड़ा साधु-संत नहीं है, वे अकेले यह मोर्चा खोल रहे हैं जो सनातन के हित में नहीं है.
एंटी मंदिर संत: गोविंद देव गिरी का तीखा हमला
राम जन्मभूमि न्यास से जुड़े प्रमुख संत गोविंद देव गिरी ने अभिमुक्तेश्वरानंद पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें पुराना एंटी-मंदिर संत बताया है. उन्होंने कहा कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भी उन्होंने काफी अड़चनें पैदा की थीं. गोविंद देव गिरी ने जगन्नाथ पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही दिन से अभिमुक्तेश्वरानंद को शंकराचार्य स्वीकार नहीं किया है. इस बयान के बाद संतों के बीच की यह लड़ाई अब और तेज होने के आसार हैं, जिसका केंद्र 11 मार्च को लखनऊ बनेगा.
यह भी पढ़ें...
अखिलेश का बैरिकेडिंग जंप पोस्टर, सपा की नई रणनीति
समाजवादी पार्टी के तेजतर्रार प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने दादरी की गुर्जर महापंचायत और आगामी रैली के लिए एक नया पोस्टर जारी किया है. इस पोस्टर में अखिलेश यादव पुलिस बैरिकेडिंग के ऊपर से छलांग लगाते नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर के जरिए सपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सबसे बड़ी यूएसपी यानी लॉ एंड ऑर्डर को सीधे चुनौती देती दिख रही है. मालूम हो कि वेस्ट यूपी में 140 विधानसभा सीटें हैं. भाटी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इसी फॉर्मेट में पोस्टर लगाएं. राजनीतिक जानकार इसे सरकार के खिलाफ एक विद्रोह और सीधे संघर्ष के प्रतीक के तौर पर देख रहे हैं, जो दादरी रैली से पहले पूरे पश्चिमी यूपी में दिखाई देगा.
यहां देखें पूरा शो:
ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव तैयार कर रहे गोपनीय लिस्ट इन नेताओं को किसी हाल में नहीं देंगे सपा की टिकट










