लेटेस्ट न्यूज़

गोरखपुर बुलडोजर हादसे पर अखिलेश का रिएक्शन, सीएम योगी के पीड़ित परिवार से मिलने से पहले तोड़ी चुप्पी

गोरखपुर में PDA रथ यात्रा के दौरान 14 साल के आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत की मौत पर अखिलेश यादव ने दुख जताया है. उन्होंने पीड़ित परिवार की मदद के लिए अपने लोगों को भेजने की बात कही, लेकिन साथ ही लखनऊ अग्निकांड का जिक्र कर शोक के नाम पर राजनीति करने वालों पर निशाना साधा.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की PDA रथ यात्रा के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से भाजपा नेता के बेटे 14 साल के छात्र आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत की मौत के मामले में सियासी बयानबाजी जारी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीड़ित परिवार से मिलने जाने की चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. 

उन्होंने युवक की मौत पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की. साथ ही कहा कि उन्होंने अपने लोगों से पीड़ित परिवार से मिलकर हर संभव मदद करने के लिए कहा है.

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में बिना किसी का नाम लिए हादसे पर राजनीति करने वालों पर निशाना साधा. उन्होंने लखनऊ अग्निकांड का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना में जान गंवाने वाले युवक की दुखी मां के साथ कैसा दुर्व्यवहार किया गया था, यह भी याद रखना चाहिए.

अखिलेश बोले- हादसे में मासूम की मौत से हम सब आहत

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं. अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं."

उन्होंने आगे लिखा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करने वाले लोग लखनऊ अग्निकांड को भी याद रखें. अखिलेश के मुताबिक, उस घटना में जान गंवाने वाले युवक की दुखी मां के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी गई थी. सपा प्रमुख ने पोस्ट के आखिर में लिखा, "शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है."

योगी के पीड़ित परिवार से मिलने की चर्चा

गोरखपुर हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी पीड़ित परिवार से मिलने जाने की चर्चा है. परिवार के लोगों को मुख्यमंत्री के शाम करीब 5 बजे पहुंचने की जानकारी दी गई थी. मुख्यमंत्री ने घटना पर संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है.

इससे पहले परिवार ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. परिजनों का आरोप है कि PDA रथ यात्रा के स्वागत में कई बुलडोजर सड़क पर दौड़ाए जा रहे थे. इसी दौरान युवक एक बुलडोजर की चपेट में आ गया. परिवार ने आयोजकों, बुलडोजर मालिक और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

राजभर के बयान के बाद भी बढ़ी सियासी चर्चा

गोरखपुर हादसे को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी हो रही है. सुभासपा अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के ट्वीट के बाद भी इस मामले पर चर्चा तेज हुई है. ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा, 'मित्र अखिलेश यादव जी! करा आए बेइज्जती गोरखपुर में? कर लिया सड़कों पर तांडव?'

उन्होंने आरोप लगाया कि PDA रथ यात्रा के दौरान सड़क पर कूद-फांद कर रहे बुलडोजरों की वजह से 14 साल के आर्यवर्धन की जान गई. राजभर ने लिखा कि अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बुलडोजर ने बच्चे की जान ली है.

राजभर ने मांग की कि आर्यवर्धन की मौत के मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. जो लोग भी इसमें शामिल हैं, उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए.

उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें बच्चे की मौत पर दुख जताने और संवेदना प्रकट करने का समय नहीं मिला, लेकिन स्वतंत्रता सेनानियों की जाति खोजने का समय जरूर मिल गया. राजभर ने इसे अखिलेश की उद्दंड राजनीति बताया. हालांकि, अब अखिलेश ने शोक प्रकट कर दिया है.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे में करीब आधा दर्जन नामजद और लगभग 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. परिवार की मांग है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो.

ये भी पढ़ें- गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा, बुलडोजर की चपेट में आने से BJP नेता के 14 साल के बेटे की मौत