9 मुस्लिम, 17 OBC, 18 एससी... चंद्रशेखर की पार्टी ने इन 45 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की पहली सूची की जारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 45 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की पहली सूची जारी कर दी है. नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर जारी इस सूची में पश्चिमी यूपी, अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल की कई अहम सीटें शामिल हैं.
ADVERTISEMENT

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने 45 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की पहली सूची जारी कर दी है. नियुक्तियां राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर की गई हैं.
पार्टी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदेश कमेटी की संस्तुति के बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई है. सभी नवनियुक्त प्रभारियों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा की गई है.
45 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति
31 जुलाई 2026 को जारी आदेश में पश्चिमी यूपी, अवध, पूर्वांचल और बुंदेलखंड समेत प्रदेश के कई जिलों की 45 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है. सूची में शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद, बरेली, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, इटावा, कानपुर नगर, झांसी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, बाराबंकी, अयोध्या, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर और वाराणसी समेत कई जिलों की सीटें शामिल हैं.
संगठन मजबूत करने पर जोर
आदेश में पार्टी ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. साथ ही उनसे कहा गया है कि उन्हें दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएं तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए काम करें.
पार्टी ने सामाजिक न्याय, संविधान और बहुजन हितों की आवाज को आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया है.
भविष्य में मिल सकता है टिकट
हालांकि, पार्टी के आदेश में कहीं भी ये नहीं कहा गया है कि इन्हीं प्रभारियों को आगे चुनाव लड़ाया जाएगा, लेकिन राजनीतिक चर्चा जरूर है कि संगठन संभालने वाले कई नेताओं को भविष्य में विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने की संभावना हो सकती है.
2027 पर फोकस
इन नियुक्तियों को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है. पार्टी का उद्देश्य विधानसभा स्तर पर संगठन को सक्रिय करना और चुनाव से पहले बूथ नेटवर्क को मजबूत करना है. फिलहाल पहली सूची जारी की गई है, ऐसे में आने वाले समय में अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी प्रभारियों की घोषणा होने की संभावना है.
