लेटेस्ट न्यूज़

गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर 6 बार पलटी बोलेरो, खुद हुई सीधी और फिर हुआ ये

गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर टाटा मैजिक से टकरा गई. टक्कर के बाद बोलेरो 5-6 बार लुढ़कते हुए पलट गई और कुछ ही सेकेंड में सीधी खड़ी हो गई। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया.

ADVERTISEMENT

UPTak
social share
Google CTA

गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर शनिवार सुबह एक खतरनाक सड़क हादसा कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक नियंत्रण खो बैठी और आगे चल रही टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बोलेरो हवा में उछलते हुए पांच-छह बार लुढ़ककर पलट गई. यह दृश्य सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट नजर आता है जिसे देखकर भी किसी के भी होश उड़ जाएं. 

कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो इतनी तेजी में थी कि टक्कर लगते ही वह कई बार सड़क पर उछलती और पलटती हुई दूर जा गिरी. वहीं, टाटा मैजिक पर रखा सामान पीछे से लगी जोरदार टक्कर के बाद सड़क पर काफी दूरी तक बिखर गया. मैजिक गाड़ी भी झटके के साथ सड़क किनारे खिसक गई. हैरानी की बात यह रही कि कई बार पलटने के बावजूद बोलेरो कुछ ही सेकेंड में खुद ही सीधी खड़ी हो गई.

कार रुकते ही ड्राइवर हुआ फरार

सबसे चौंकाने वाला पल तब आया जब हादसे के तुरंत बाद बोलेरो चालक ने तेजी से दरवाजा खोला और बिना किसी से कुछ बोले मौके से भाग निकला. चालक के इस तरह फरार होने से कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी भयानक दुर्घटना के बाद भी ड्राइवर का बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है. 

पुलिस की जांच जारी

मझगांवा फ्लाईओवर के पास हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हाईवे पर बन गई अफरा-तफरी को नियंत्रित किया. दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने सीज कर लिया है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बोलेरो चालक की पहचान की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरी घटना की जांच तेज कर दी गई है. यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बोलेरो किसके नाम पर रजिस्टर्ड है और चालक हादसे के बाद क्यों भागा. 

हाईवे पर कुछ देर रहा जाम

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम जैसा माहौल बन गया. लोग टूट चुकी बोलेरो और सड़क पर फैले सामान को देखकर हैरान रह गए. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और ड्राइवर की तलाश जारी है.

यह भी पढ़ें: UP Weather Update: यूपी में मौसम विभाग ने ठंड को लेकर जारी किया नया अपडेट, इन जिलों में जमकर पड़ रहा कोहरा