नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की बढ़ीं मुश्किलें, गाजियाबाद कोर्ट ने घर कुर्क करने का दे दिया आदेश?
गाजियाबाद की MP-MLA कोर्ट ने 2018 के एक पुराने मामले में चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ धारा 82 के तहत नोटिस जारी करने का आदेश दिया है. आखिर क्या है पूरा मामला और 8 दिसंबर की सुनवाई से पहले पुलिस क्या कार्रवाई करेगी?
ADVERTISEMENT

भीम आर्मी प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं. साल 2018 के एक पुराने मामले में बार-बार तारीख पर अदालत में पेश न होने की वजह से गाजियाबाद की MP-MLA कोर्ट ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. कोर्ट ने चंद्रशेखर के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 82 के तहत नोटिस जारी करने का आदेश दिया है. इसके तहत अब अगली सुनवाई 8 दिसंबर से पहले पुलिस उत्तर प्रदेश स्थित उनके घर और संपत्ति पर कोर्ट का नोटिस चस्पा करेगी और ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर उन्हें अदालत में पेश होने की चेतावनी देगी.
8 दिसंबर को तय की गई अगली सुनवाई
यह मामला साल 2018 में साहिबाबाद के एक शादी समारोह में हथियार लहराते हुए युवक से मारपीट का है. 17 नवंबर को इस मामले की सुनवाई के दौरान चंद्रशेखर और सह-आरोपी गुलजार दोनों ही अदालत में अनुपस्थित रहे. सुनवाई के दौरान चंद्रशेखर के अधिवक्ता ने प्रार्थना पत्र देकर अनुरोध किया कि उनके मुवक्किल के खिलाफ कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए. हालांकि शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ता ने इसका विरोध करते हुए दलील दी कि आरोपी लगातार अदालत में गैरहाजिर रह रहे हैं और पिछले आदेशों का अनुपालन नहीं किया गया है.
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने चंद्रशेखर के खिलाफ धारा 82 की कार्रवाई जारी करने का आदेश दिया और इसके अनुपालन के लिए गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजने के निर्देश दिए. शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ता भजन लाल गौतम के अनुसार, धारा 82 की प्रक्रिया के तहत अब आरोपी के उत्तर प्रदेश स्थित आवास और संपत्ति पर नोटिस चस्पा किया जाएगा और सार्वजनिक रूप से मुनादी कराकर सूचना दी जाएगी ताकि उन्हें अदालत में पेश होने का अवसर मिल सके. अगली सुनवाई 8 दिसंबर को तय की गई है जिससे पहले इस पूरी प्रक्रिया की अनुपालन रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी होगी.
क्या आगे हो सकती है कुर्की की कार्रवाई?
अधिवक्ता भजन लाल गौतम ने कानूनी प्रक्रिया स्पष्ट करते हुए बताया कि पहले धारा 82 के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई पूरी की जाती है. अगर इसके बाद भी निर्धारित अवधि के भीतर आरोपी अदालत में पेश नहीं होता है तो नियमानुसार धारा 83 के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जा सकती है. हालांकि फिलहाल न्यायालय के वर्तमान आदेश में केवल धारा 82 की उद्घोषणा जारी करने का निर्देश दिया गया है संपत्ति कुर्की का कोई अंतिम आदेश पारित नहीं हुआ है.
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित धर्मेंद्र कुमार के अधिवक्ता भजनलाल गौतम के मुताबिक, धर्मेंद्र गाजियाबाद के नूरपुर गांव के रहने वाले हैं. साल 2018 में वह साहिबाबाद के वृंदावन गार्डन में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. वहां चंद्रशेखर भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे.
आरोप है कि चंद्रशेखर के साथ हथियारबंद लोगों को देखकर धर्मेंद्र ने पूछा कि इतने हथियार लेकर क्यों आए हैं? इस पर चंद्रशेखर ने जवाब दिया कि दिखाई नहीं दे रहा है कि राइफल हैं. इसके बाद चंद्रशेखर, उनके साथी गुलजार सिद्दीकी और पंकज जाटव समेत करीब 15 लोगों ने धर्मेंद्र के साथ मारपीट की. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है.
इस मामले में साहिबाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था. पुलिस ने बाद में चार्जशीट से पंकज जाटव का नाम हटा दिया था. फिलहाल मामला MP-MLA कोर्ट में चल रहा है.
