लेटेस्ट न्यूज़

टेसू और झांझी की शादी के दौरान कानपुर में चली गोलियां, सीने में गोली लगने से बुजुर्ग रामखिलावन की हुई मौत

ADVERTISEMENT

कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव में टेसू-झांझी की शादी की रस्म के दौरान हर्ष फायरिंग में बुजुर्ग रामखिलावन की मौत हो गई. आरोप है कि नशे में बंदूक लहराते हुए गोली चलाई गई, जो उनके सीने में जा लगी.

social share
Google CTA

कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव में शरद पूर्णिमा की रात टेसू और झांझी की शादी का जश्न मातम में बदल गया. जिस घर में शादी के मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार मच गई. दरअसल, शादी की रस्म के दौरान एक शख्स ने नशे की हालत में बंदूक से हर्ष फायरिंग कर दी, जिसकी गोली सीधे एक बुजुर्ग रामखिलावन के सीने में जा लगी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

नशे में लहरा रहा था बंदूक

रामखिलावन के घर में टेसू-झांझी की शादी की रस्म चल रही थी, जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी शामिल थे. मृतक के बेटे अजय ने बताया कि तभी गांव के गोलू सिंह और उसका भतीजा अनु सिंह वहां पहुंच गए. दोनों नशे में धुत थे और उनके पास दोनाली बंदूक थी. आरोप है कि अनु नशे में बंदूक हवा में लहराने लगा और गाली-गलौज करने लगा. परिवार के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की और कहा कि घर में छोटे बच्चे हैं, बंदूक मत चलाओ. लेकिन वह नहीं माना और गोली चला दी, जो रामखिलावन को लग गई. गोली लगने से उनकी मौत हो गई है.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

इस मामले में पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मुख्य अभियुक्त गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गोली चलाने का मुख्य आरोपी अनु सिंह अभी भी फरार है. घाटमपुर के एसीपी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया असलहा भी बरामद कर लिया गया है और दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब इस बात की पूरी जांच कर रही है कि गोली असल में किसने चलाई और घटना के वक्त वहां क्या-क्या हुआ था.